UPCM ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को देवी अवार्ड से सम्मानित किया

उत्तर प्रदेश।
UPCM ने CMS गोमती नगर विस्तार में ‘द न्यू इण्डियन एक्सप्रेस’ समूह द्वारा आयोजित ‘द सण्डे स्टैण्डर्ड देवी अवार्ड्स’ समारोह को सम्बोधित किया। UPCM ने इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट कार्य करने वाली 10 महिलाओं को देवी अवार्ड से सम्मानित किया।
UPCM ने कहा कि आज महिलाएं जीवन के विभिन्न क्षेत्रों और संवैधानिक पदों पर पूरी कर्मठता से कार्यरत रहकर महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। महिलाओं की जागरूकता, स्वावलम्बन और उन्हें सभी सुविधाओं को समान रूप से प्रदान करने के लिए समाज व परिवार को आगे आना होगा। यदि सभी महिलाओं में जागरूकता आ जाए, तो समस्त क्षेत्रों में उन्नति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा।

UPCM ने कार्यक्रम के आयोजकों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम मातृ शक्ति को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों द्वारा समाज व देश को आगे बढ़ाया जा सकता है। आज महिलाएं सभी क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रही हैं। उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने कहा कि जीवन व समाज में उल्लेखनीय बदलाव के लिए सकारात्मक व अच्छी सोच आवश्यक है। नारी प्रगति के लिए स्वयं, अन्य लोगों, परिवार व समाज के दृष्टिकोण में परिवर्तन लाना होगा।
UPCM ने कहा कि नारी शक्ति में व्यापक जागरूकता लाने के लिए परिवार, विभिन्न संस्थाओं और समाज के योगदान की महत्वपूर्ण भूमिका है। आज लोकसभा अध्यक्ष, विदेश मंत्री और रक्षा मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर महिलाएं कार्य कर रही हैं। देश के कई राज्यों में गवर्नर के रूप में भी महिलाएं अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। एशियन गेम्स में भी बालिकाओं की सफलता का परचम लहरा रहा है। इतना ही नहीं, प्रदेश की हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट जैसी परीक्षाओं में भी बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत अधिक है। मेरिट में भी छात्राओं का स्थान ऊपर है। इस सन्दर्भ में उन्होंने प्रदेश के आकांक्षात्मक जनपदों सोनभद्र व चन्दौली में अपने हाल के भ्रमण की चर्चा करते हुए कहा कि प्राथमिक विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान उन्हें कक्षाओं में छात्राओं की उपस्थिति अधिक मिली।

UPCM ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं के कल्याण व उत्थान के लिए निरन्तर प्रयासरत है। प्रधानमंत्री ने बेटियों से होने वाले भेदभाव को समाप्त करने और उनको हक दिलाने के लिए ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना संचालित की है। स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत भी महिलाओं की स्वीकार्यता बढ़ी है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत अब तक 01 करोड़ 35 लाख शौचालयों का निर्माण कराया गया है। इस मिशन ने जनान्दोलन का रूप ले लिया है। स्वच्छता को बढ़ावा देने के साथ-साथ शौचालय निर्माण महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण योगदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 02 अक्टूबर, 2018 को स्वच्छ भारत मिशन के तहत उल्लेखनीय योगदान करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से प्रदेश की 87 लाख गरीब महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है।
UPCM ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं एवं बालिकाओं को पूरी सुरक्षा देने के साथ-साथ उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कृतसंकल्पित है। उन्हें समान अवसर देने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। महिलाओं की सुरक्षा तथा देश व प्रदेश के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
UPCM का ‘द न्यू इण्डियन एक्सप्रेस’ ग्रुप के एडिटोरियल डायरेक्टर प्रभु चावला ने स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज एक शाइनिंग एण्ड इमर्जिंग स्टेट के रूप में उभर रहा है। UPCM के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों से आने वाले समय में उत्तर प्रदेश खुशहाल, समृद्ध और सुरक्षित राज्य बनेगा, जिसमें रोजगार के अपार अवसर मिलेंगे।

UPCM ने कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता अग्रिमा आरती साहू, सामाजिक कार्यकर्ता एवं रोटी-कपड़ा फाउण्डेशन की अध्यक्ष शोभा ठाकुर, महिला अधिकारों के लिए कार्य कर रहीं निदा खान, रेड ब्रिगेड की संस्थापक ऊषा विश्वकर्मा, गायिका-गीतकार कमला श्रीवास्तव, सामाजिक और पर्यावरण सम्बन्धी मुद्दों पर कार्य कर रहीं जूली पाण्डेय, पशु सुरक्षा व संरक्षण के लिए कार्य करने वाली वंशिका गुप्ता, वनस्पति शास्त्री सीमा भदौरिया तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ डाॅ. विभा आॅगस्टीन को UPCM ने ‘देवी अवार्ड्स’ से सम्मानित किया। भारोत्तोलक पूनम यादव को ‘देवी अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है, किन्तु वे स्वयं कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सकीं। ‘द न्यू इण्डियन एक्सप्रेस’ ग्रुप की मैनेजिंग एडिटर शम्पा धर-कामथ ने अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, अपर मुख्य सचिव सूचना अवनीश कुमार अवस्थी, CMS के संस्थापक डाॅ. जगदीश गांधी, गलगोटिया यूनिवर्सिटी के चेयरमैन सुनील गलगोटिया, इण्डिया ग्लाइकाॅल्स लिमिटेड के यू.पी. हेड एस.के. शुक्ला, यस बैंक के पदाधिकारीगण, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








