UPCM ने विभिन्न जनपदों में दैवीय आपदा से 14 लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया

लखनऊ (24 जुलाई, 2019)। UPCM योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न जनपदों में दैवीय आपदा से 14 लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की। जानकारी देते हुए राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सम्बन्धित जिलाधिकारियों को दैवीय आपदाओं में दिवंगत लोगों के परिजनों को 04-04 लाख रुपए की राहत राशि तत्काल वितरित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ितों के साथ है और उनकी हर सम्भव मदद के लिए तत्पर है। प्रवक्ता ने बताया कि प्राप्त सूचना के अनुसार आकाशीय बिजली गिरने से जनपद सोनभद्र, जौनपुर, मिर्जापुर तथा बांदा में एक-एक तथा जनपद रायबरेली में दो व्यक्तियों की मृत्यु हुई है। सर्पदंश से जनपद बलिया में दो एवं जनपद अम्बेडकरनगर, कानपुर नगर तथा मिर्जापुर में एक-एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। जनपद अलीगढ़ में अतिवृष्टि से दीवार गिरने से तीन लोगों की मृत्यु हुई है।








