UPCM मंत्रिमंडल की मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने आलमबाग में 50 शैय्या वाले अस्पताल का शिलान्यास किया
लखनऊ (06 मार्च, 2019)। UPCM मंत्रिमंडल की महिला एवं परिवार कल्याण मातृ-शिशु कल्याण मंत्री प्रो. रीता बहुगुणा जोशी ने आज चंदर नगर, आलमबाग, लखनऊ में विधिवत् पूजन कर 50 शैय्या वाले अस्पताल का शिलान्यास किया। उन्होंने इस अवसर पर 45 अन्य विकास कार्यों का शुभारम्भ भी किया। विकास कार्यों में 32 सड़के व पुलिया एवं डूडा से स्वीकृत 13 सड़कों का विकास एवं निर्माण किया जाना है।
महिला एवं परिवार कल्याण मातृ-शिशु कल्याण मंत्री ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लम्बे समय से इस जर्जर सिविल डिस्पेन्सरी के स्थान पर अस्पताल के निर्माण के लिए स्वीकृति के प्रयास किए जा रहे थे, किन्तु कतिपय कारणों से सम्भव नहीं हो पा रहा था। सभी आपत्तियों का निराकरण करते हुए इस निर्माण कार्य के लिए शिलान्यास किया गया।
ज्ञात हो कि 50 शैय्या वाला यह अस्पताल चन्दर नगर आलमबाग में जर्जर सिविल डिस्पेन्सरी को गिराकर बनाया जा रहा है। महिला एवं परिवार कल्याण मातृ-शिशु कल्याण मंत्री ने जानकारी दी कि अस्पताल के निर्माण के लिए धन की व्यवस्था की जा चुकी है, इसकी निर्माण लागत 1654.33 लाख रुपये स्वीकृत हुई है। अस्पताल भूतल के अतिरिक्त तीन तल में निर्मित किया जायेगा। 584 वर्गमीटर में निर्मित इस अस्पताल में वेसमेंट का निर्माण भी किया जायेगा।
समारोह में लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया, डी.जी. परिवार कल्याण नीना गुप्ता, CMO नरेन्द्र अग्रवाल और जनप्रतिनिधि नीरज सिंह ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।