UPCM ने गोण्डा में विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया

उत्तर प्रदेश (गोण्डा)।
UPCM ने जनपद गोण्डा के 04 वनटांगिया गांवों को राजस्व ग्राम घोषित किया। जिले की मनकापुर तहसील स्थित वनटांगिया गांव अशरफाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में UPCM ने इन गांवों के 112 परिवारों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ते हुए उन्हें सरकार की योजनाओं से लाभान्वित किया। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 17034 लाख रुपए की लागत वाली 82 योजनाओं का लोकार्पण व 5665.20 लाख रुपए की लागत वाली 82 परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया।

शुक्रवार का दिन जनपद गोण्डा के वनटांगिया ग्रामों के निवासियों के लिए किसी दीवाली से कम नही था। आजादी के सत्तर वर्ष बीतने के बाद भी समाज की मुख्य धारा व सरकार की तमाम विकासपरक व जनकल्याणकारी और लाभार्थीपरक योजनाओं से वंचित व उपेक्षित वनटांगिया ग्राम अशरफाबाद, बुटहनी, मनीपुर ग्रान्ट व रामगढ़ को UPCM ने राजस्व ग्राम घोषित कर वनटांगिया ग्राम निवासियों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी। बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे UPCM ने वनटांगिया ग्राम बुटहनी के 57 परिवारों को 32.425 हेक्टेयर, अशरफाबाद के 9 परिवारों को 5.679 हेक्टेयर, मनीपुरग्रन्ट के 13 परिवारों को 4.55 हेक्टेयर तथा रामगढ़ के 33 परिवारों को 10.420 हेक्टेयर कृृषि एवं आवासीय भूमि के पट्टों के आवंटन प्रमाण-पत्र प्रदान किए।

UPCM ने इसके अलावा 04 वनटांगिया ग्रामों के निवासियों को प्रधानमंत्री आवास, राशन कार्ड, शौचालय, वृद्धावस्था पेंशन आदि सरकारी योजनाओं के स्वीकृति पत्र प्रदान किए। उन्होंने दिव्यांगजन को ट्राईसाइकिल सहित अन्य उपकरण भी प्रदान किए।

UPCM ने अपने सम्बोधन में कहा कि भ्रष्टाचारियों, खाद्यान्न माफिया व खनन माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक हर हाल में पहुंचाया जाय और बिचैलियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि जनता का हक मारने का प्रयास करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।

UPCM ने इस अवसर पर गोण्डा जनपद के विकास के लिए मेडिकल काॅलेज, वनटांगिया क्षेत्र में राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय सह छात्रावास की स्थापना के साथ-साथ नई सड़कों, पुलों के निर्माण कार्य जल्द शुरू कराए जाने की भी घोषणा की। उन्होंने भगवान घनश्याम की जन्म स्थली स्वामी नरायन छपिया को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित कराए जाने के लिए जिला प्रशासन को शीघ्र प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त स्वामी नरायन छपिया को वायु सेवा व बेहतर सड़क परिवहन से जोड़ने के लिए भी प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं।

UPCM ने कहा कि देवीपाटन मण्डल के नेपाल से जुड़े हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में बेहतर सड़कें बनवाने का काम जल्द से जल्द प्रारम्भ कराया जाएगा। यहां निवास करने वाली थारू जनजाति के लोगों के विकास के लिए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के अलावा विशेष रूप से ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने नदियों के संरक्षण के बारे में कहा कि भारत एक नदी संस्कृति का देश है और दुखद बात यह है कि यहां की नदियां मृतप्राय होती जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी काम मनरेगा से नदियों के जीर्णोद्धार के लिए हो सके उसे तत्काल कराया जाए तथा शासन स्तर से स्वीकृत होने वाले कार्यों का प्रस्ताव शासन को शीघ्रता से भेजा जाए।
UPCM ने गेहूं क्रय का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों की उपज का एक-एक दाना खरीदा जाएगा और कहीं भी शिकायत आने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने निजी प्रयोग के लिए स्वयं की जमीन से मिटटी खोदने के लिए भी किसानों व आम जनता का शोषण न किए जाने की चेतावनी देते हुए कहा कि अपनी जमीन से अपने उपयोग के लिए मिटटी खोदने पर इसे सरकार द्वारा राॅयल्टी फ्री कर दिया गया है। इसलिए अवैध खनन बताकर किसानों का शोषण कतई न किया जाय।

UPCM ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि वे स्वयं इन गांवों की माॅनीटरिंग करते रहें और प्रत्येक दशा में यह सुनिश्चित करें कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ वनटांगिया गांवों के लोगों को मिले, जिससे वनटांगिया ग्रामों के लोगों को अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया हो सकें और उनका सामाजिक, आर्थिक व शैक्षिक स्तर सुधर सके।
UPCM ने राज्य सरकार की उपलब्धियों के के बारे में बताते हुए कहा कि विगत एक वर्ष में 8.85 लाख लोगों को प्रधानमंत्री आवास, 42 लाख परिवारों को स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय, 26 लाख लोगों को सौभाग्य योजना के तहत विद्युत कनेक्शन तथा 37 लाख परिवारों को राशन कार्ड दिए गए हैं। इसके अलावा भारत सरकार द्वारा 38 करोड़ जन-धन खाते खुलवाकर पारदर्शी व्यवस्था लागू की गई तथा 8 करोड़ लोगों को उज्ज्वला योजना के तहत अब तक निःशुल्क गैस कनेक्शन दिए जा चुके हैं।
UPCM ने कहा कि पण्डित दीन दयाल उपाध्याय के अन्त्योदय के दर्शन पर केन्द्र व प्रदेश की सरकारें समाज के निचले पायदान के हर व्यक्ति के विकास के लिए सतत काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 1556 गांव ऐसे हैं जहां पर सरकार की कोई भी योजनाएं नहीं पहुंच पाई थी। इनमें से अकेले पूर्वी उत्तर प्रदेश की 65 बस्तियां हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 27 ग्रामों को उनके द्वारा राजस्व ग्राम घोषित कर समाज की मुख्य धारा से जोड़ा जा चुका है और वहां पर सरकार की सभी योजनाओं को युद्धस्तर पर लागू कर दिया गया है।

इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री, सांसद बृजभूषण शरण सिंह और सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। विधायक प्रभात वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया और जनपद के प्रभारी मंत्री उपेन्द्र तिवारी ने UPCM सहित अन्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया।








