UPCM मंत्रिमंडल के गन्ना एवं चीनी उद्योग मंत्री ने दिए निर्देश…पढ़ें पूरी खबर

उत्तर प्रदेश।
UPCM मंत्रिमंडल के गन्ना एवं चीनी उद्योग मंत्री सुरेश राणा के निर्देश के क्रम में गन्ना आयुक्त संजय आर. भूसरेड्डी द्वारा प्रदेश के समस्त विभागीय अधिकारियों की आयोजित बैठक में यह सुनिश्चित कर लेने का निर्देश दिया गया कि गन्ना आयुक्त अधिष्ठान, परिक्षेत्रीय एवं जिला स्तरीय कार्यालय, जोनल कार्यालय और सह-संस्थाओं में सभी विभागीय कर्मचारियों/अधिकारियों का विवरण प्रत्येक दशा में माह के अन्त तक मानव सम्पदा प्रबन्धन प्रणाली में अपलोड करा दिया जाये। आयुक्त ने जिला गन्ना अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये कि प्रदेश के महाधिवक्ता की वेबसाइट में प्रदर्शित विभागीय वादों पर लम्बित प्रति शपथ-पत्र अनिवार्य रूप से 14 अगस्त तक योजित कर लिया जायें।
गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा करते हुए गन्ना आयुक्त द्वारा जिलेवार टैगिंग आदेश के अनुपालन की स्थिति का मूल्यांकन किया गया और क्षेत्रीय उप गन्ना आयुक्तों को निर्देशित किया गया कि टैगिंग आदेशों के शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किये जाने का स्वयं अनुश्रवण करे और चीनी मिलों द्वारा देय समिति कमीशन भुगतान में तेजी लाने हेतु चीनी मिलवार समीक्षा करते रहें। बैठक के दौरान माह जून और जुलाई में मासिक कोटे के विरूद्व चीनी विक्रय एंव गन्ना मूल्य भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
गन्ना समितियों को पूर्णतया कम्प्यूटरीकृत किये जाने हेतु चयनित वेन्डर्स के साथ सर्वे डाटा फीडिंग से लेकर गन्ना मूल्य भुगतान तक के प्रकार्य पर विमर्श किया गया और डाटा की सुरक्षा एवं डाटा से छेड़छाड़ रोकने हेतु अधिकारियों को डाटा सिक्योरिटी सिस्टम लागू करने के निर्देश दिये गये। इसके अतिरिक्त जिला गन्ना अधिकारियों को डी.बी.टी. स्कीम के अन्तर्गत पात्र गन्ना कृषकों के पंजीकरण के निर्देश देते हुए पंजीकरण की प्रक्रिया भी समझाई गई। खाण्डसारी इकाईयों को बढ़ावा दिये जाने हेतु अधिकारियों से कहा गया कि पूर्ववर्ती समय में संचालित रही एवं वर्तमान में अब बन्द पड़ी गुड़ एवं खाण्डसारी इकाईयों को पुनर्जीवित करने के लिये उनके मालिकों से सम्पर्क कर पुर्नसंचालन का प्रयास करें और नई खाण्डसारी नीति का प्रचार-प्रसार कर नये खाण्डसारी/गुड़ इकाई स्थापित करने वाले व्यक्तियों को प्रेरित किया जाए।
बैठक में अपर चीनी आयुक्त राकेश कुमार मिश्रा, संयुक्त गन्ना आयुक्त(प्रशासन) पवन कुमार गंगवार एवं मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सभी परिक्षेत्रीय उप-गन्ना आयुक्त एवं जिला गन्ना अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।








