सेल्वा कुमारी जे. ने विभिन्न कॉलेज में रखे गये प्रश्न पत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

अलीगढ़ 01 अप्रैल 2022
यू0पी0 बोर्ड परीक्षा के दौरान इण्टरमीडिएट के अंग्रेजी विषय के प्रश्नपत्र के लीक होने की घटना से जिला प्रशासन प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के प्रति और भी गंभीर हो गया है।
जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे. ने शुक्रवार को शासन के निर्देश पर 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा की पवित्रता एवं शुचिता को बनाए रखने के लिए एसएमबी इंटर कालेज, डीएवी इंटर कॉलेज एवं श्री टीकाराम इंटर कॉलेज में रखे गये प्रश्न पत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जनपद में नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन का संकल्प है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षाओं को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र को सीसीटीवी कैमरे से लैस किया गया है।
शुक्रवार को जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जी द्वारा एसएमबी इंटर कॉलेज, टीकाराम इंटर कॉलेज एवं डीएवी इंटर कॉलेज में रखे प्रश्न पत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को परखा गया। विद्यालय प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य द्वारा डीएम को प्रश्न पत्रों की सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया गया। हालांकि डीएम को भी निरीक्षण के दौरान किसी भी परीक्षा केंद्र के स्ट्रांग रूम में ऐसी कोई सुरक्षा में चूक सम्बन्धी खामी नहीं मिली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षाओं को नकल विहीन सम्पन्न कराना है, प्रश्नपत्र निकालते समय और उत्तर पुस्तिाकाओं को सील करने की कार्यवाही सीसीटीवी की निगरानी में की जाए। उन्होंने कहा कि डबल लॉक कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरे निरन्तर संचालित रहने चाहिये। डीएम ने नसीहत भरे लहजे में निर्देशित करते हुए कहा कि हर स्तर पर शिक्षा एवं शिक्षकों की गरिमा को बनाए रखा जाए, भूल से भी ऐसा कोई कृत्य ना किया जाए जिससे उनके सम्मान को ठेस पहुंचे। शिक्षक, अधिकारी एवं शासकीय कर्मी का समाज में अपना विशिष्ट स्थान होता है। संपूर्ण परीक्षा प्रणाली में जरा सी लापरवाही एवं चूक किसी भी बड़ी घटना का वाहक बन सकती है। परीक्षार्थियों के मानसिक स्तर के साथ ही उनके भविष्य के लिए भी ऐसी घटनाएं घातक हो जाती हैं।
इस दौरान एडीएम वित्त विधान जायसवाल, जिला विद्यालय निरीक्षक डा0 धर्मेन्द्र शर्मा समेत संबंधित विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage