डीएम राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में त्रैमासिक डीएलआरसी की बैठक सम्पन्न

जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में 29.03.2022 को त्रैमासिक डीएलआरसी की बैठक कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में सम्पन्न हुई।

 

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते हुए प्रदेश सरकार एवं भारत सरकार के सौजन्य से संचालित की जा रही विभिन्न ऋण योजनाओं में पात्र लाभार्थियों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर ऋण स्वीकृत करने की कार्यवाही सुनिश्चित करें ताकि जनपद गाजियाबाद की आर्थिक व्यवस्था तेजी से आगे बढ़ सके।

 

उन्होंने कहा कि इसी प्रकार सभी बैंकर्स सरकार की अन्य योजनाओं के अंतर्गत भी विभागीय अधिकारियों के माध्यम से उन्हें जो आवेदन पत्र प्राप्त हो रहे हैं उनमें तत्परता के साथ निर्णय लेते हुए पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक ऋण उपलब्ध कराएं ताकि सभी पात्र लाभार्थी जनपद की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी सहभागिता दर्ज करा सकें और सरकार की मंशा के अनुरूप उन्हें ऋण प्राप्त हो सके। इस अवसर पर उन्होंने सभी बैंकर्स को निर्देशित किया कि वह अपने-अपने ब्रांच का सीडी रेशों 60% तक बढ़ाएं।

 

बैठक में जिलाधिकारी द्वारा सभी रोज़गार परक योजनाओं के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गयी और सभी बैंकों को आवेदन पत्रों को 03 दिन के भीतर स्वीकृत करने के स्पष्ट निर्देश दिये गए। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा बैंकों के ऋण जमा अनुपात, वार्षिक ऋण योजना के अंतर्गत प्रगति, सरकारी रोज़गार परक योजनाओं के अंतर्गत प्रगति इत्यादि की गहन समीक्षा की गयी तथा जिलाधिकारी द्वारा बैंक शाखा स्तर पर लंबित समस्त आवेदन पत्रों को अविलंब निस्तारित करने के दिशा निर्देश जारी किए गए। जिला ग्रामोद्योग विभाग स्तर पर संचालित मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग योजना के अंतर्गत 03 स्वीकृत आवेदन पत्रों को और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के अंतर्गत स्वीकृत 02 आवेदन पत्रों को संबंधित बैंकों द्वारा 31.03.2022 से पहले वितरण सुनिश्चित करने के करें निर्देश दिये गए।

 

बैठक में जिलाधिकारी द्वारा HDFC बैंक द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत 3000 से अधिक आवेदन पत्रों को निरस्त किए जाने पर गहरा रोष प्रकट किया गया व सभी विभागों को HDFC बैंक में रखी जमा राशि को तुरंत किसी सरकारी बैंक में अंतरित किए जाने के निर्देश दिये।बैठक में उद्योग विभाग से संबंधित ऋण योजनाओं जैसे PMEGP, MYSY एवं ODOP में दिए गए वित्तीय वर्ष के लक्ष्य के सापेक्ष 100% प्राप्ति पर जिलाधिकारी द्वारा संयुक्त आयुक्त उद्योग बीरेंद्र सिंह की सराहना की गई। बैठक का समापन अग्रणी जिला प्रबंधक द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। आयोजित महत्वपूर्ण बैठक का संचालन जिला लीड बैंक अधिकारी एस0पी0 यादव के द्वारा किया गया।

 

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल, अग्रणी जिला प्रबंधक शिव प्रसाद यादव, संयुक्त आयुक्त उद्योग बीरेंद्र कुमार, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संजय श्रीवास्तव, विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधकों एवं जिला समन्वयकों द्वारा प्रतिभाग किया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage