सरकार की घोषणाओं का प्रधान संगठन ने किया स्वागत, मुख्यमंत्री को किया सम्मानित

राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन ने सरकार की घोषणाओं का स्वागत किया है। ग्राम उत्कर्ष समारोह में संगठन ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिन्ह देकर उनको सम्मानित किया।
संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ अखिलेश सिंह ने समारोह को संबोधित किया। प्रधानों को धन्यवाद देते हुए उन्होंने सफलता पर बधाई दी। उन्होंने कहा है कि मानदेय में वृद्धि से प्रधान खुश हैं। कल्याण कोष की स्थापना तथा एम. जी नरेगा के तहत भुगतान का अधिकार दिया जाना सराहनीय कदम है। जिला योजना में प्रधानों को प्रतिनिधित्व एवं कार्यों की स्वीकृति के अधिकारों में ढाई गुना वृद्धि से ग्राम पंचायतें ताकतवर होंगी। गैर सरकारी इंजीनियरों की सेवाएं लेने के अधिकार से विकास कार्यों में गति आएगी।
डॉ अखिलेश सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का तीसरी सरकार का आश्वासन आशा की नयी किरण है। ट्रिपल इंजन की सरकार की उनकी पहल से राज्य की तरक्की का नया रास्ता निकलेगा। उन्होंने कहा है कि ग्लोबल ग्राम की संगठन की पहल के जरिए प्रदेश के हर जिले में एक स्मार्ट ग्राम विकसित करने की मुख्यमंत्री की अपेक्षा को पूरा किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा है कि बढ़े हुए अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए संगठन अभियान चलाएगा।
उन्होंने बताया कि ग्राम उत्कर्ष समारोह में संगठन की ओर से स्मृति चिन्ह देकर मुख्यमंत्री को सम्मानित किया गया है। सरकार, शाशन, विभाग और प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उन्होंने कहा है कि इनके सम्मान में जल्द कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।








