औद्योगिक/व्यवसायिक गतिविधियों को ध्यान में रखकर तैयार करें सिटी डेवलपमेंट प्लान

लखनऊ। राजधानी के सर्वांगीण विकास के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा तैयार कराया जा रहा सिटी डेवलपमेंट प्लान औद्योगिक/व्यवसायिक गतिविधियों को ध्यान में रखकर बनाया जाएगा।

गुरूवार को इस संबंध में प्राधिकरण भवन में हुई बैठक में मण्डलायुक्त रंजन कुमार और प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी समेत उपस्थित कन्सल्टेंट्स ने अपने-अपने सुझाव दिये। इसमें शहर को स्वास्थ्य, शिक्षा और टूरिज्म के क्षेत्र में भी और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर चर्चा हुई। 

बैठक के दौरान एरिनेम कन्सल्टेंसी सर्विसेस् की डायरेक्टर शुभ्रा मित्तल ने सिटी डेवलपमेंट प्लान को लेकर अब तक किये गये कार्यों का प्रजेन्टेशन दिया। इस पर मण्डलायुक्त/ अध्यक्ष, लखनऊ विकास प्राधिकरण रंजन कुमार ने कहा कि देश और दुनिया के शीर्ष सुव्यवस्थित शहरों का तुलनात्मक अध्ययन करते हुए लखनऊ शहर का सिटी डेवलपमेंट प्लान तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में यहां किसी तरह की समस्या उत्पन्न न हो।

बैठक में उपस्थित सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी ने कहा कि जहां एक ओर शहर के अंदरूनी इलाकों में अर्बन रिन्यूवल की जरूरत है, वहीं बाहरी इलाकों में प्लानिंग की आवश्यकता है। उन्होंने अपना सुझाव देते हुए कहा कि कानपुर रोड से लेकर सुल्तानपुर रोड तक आस-पास के इलाकों में वेयर हाउस इंडस्ट्री तेजी से विकसित हो रही है। इसी तरह मोहान रोड और सीतापुर रोड पर भी इन्फ्रास्ट्रक्चर ग्रोथ की बेहतर संभावनाएं हैं। लिहाजा, इसे ध्यान में रखकर सिटी डेवलपमेंट प्लान तैयार किया जाए।

वहीं लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने प्रोजेक्ट कन्सल्टेंट्स से कहा कि मल्टीलेवल स्क्रीनिंग करके सी0डी0पी0 के सभी बिन्दु तैयार किया जाए और स्टेक होल्डर्स से कन्सल्टेशन करके डाटा साझा किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, टूरिज्म और औद्योगिक/व्यवसायिक गतिविधियों को ध्यान में रखकर सिटी डेवलपमेंट प्लान तैयार किया जाए।

बैठक में सचिव पवन कुमार गंगवार, मुख्य अभियंता इंदु शेखर सिंह, अधिशासी अभियंता संजीव गुप्ता सहित जिला प्रशासन, नगर निगम, यू0पी0एस0आई0डी0सी0, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, रेलवे व आवास विकास के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage