दीपावली से पहले सड़कों पर पैचवर्क के कार्य होंगे पूरे

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने अधिकारियों के साथ बैठक में दिये निर्देश

लो-ट्रैफिक के समय कराये जाएं पैचवर्क व रिसफेर्सिंग के कार्य, सक्षम स्तर के अभियंताओं की मौके पर उपस्थिति होगी अनिवार्य

शहर में बीते दिनों हुई भारी बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों पर पैचवर्क के कार्य दीपावली तक पूरा करने की तैयारी है। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने सोमवार देर शाम अधिकारियों के साथ बैठक करके इस बाबत निर्देश जारी किये हैं।

उपाध्यक्ष ने कहा कि पैचवर्क व रिसफेर्सिंग आदि के कार्य रात के समय कराये जाएं, जिससे कि काम में टैªफिक की बाधा न आए और आम जनता को किसी भी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों की मरम्मत के समय सक्षम स्तर के अभियंताओं की मौके पर उपस्थिति अनिवार्य होगी और वह स्वयं औचक निरीक्षण करके कार्य की समीक्षा करेंगे।

 

बैठक के दौरान उपाध्यक्ष द्वारा सड़कों की स्थिति की योजना वार समीक्षा की गयी, जिसमें यह संज्ञान में आया कि ज्यादातर कामों का एस्टीमेट हो गया है। इस पर उपाध्यक्ष ने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंगलवार सुबह तक उनसे सभी फाइलें अनुमोदित करा लें और काम को अविलम्ब शुरू कराएं। उन्होंने अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में पुनः सड़कों का सर्वे करके यह देख लें कि कितनी जगहों पर पैचवर्क का काम होना है।

उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि ग्रीन काॅरिडोर व राष्ट्र प्रेरणा स्थल जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के टेंडर प्रोसेस होने की अंतिम प्रक्रिया में हैं और इस माह के अंत तक प्राधिकरण द्वारा दोनों कार्यों का वर्क आर्डर जारी कर दिया जाएगा। बैठक में सचिव पवन कुमार गंगवार, अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, मुख्य अभियंता अवधेश तिवारी, अधीक्षण अभियंता अजय कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता अवनीन्द्र कुमार सिंह, संजीव कुमार गुप्ता, के0के0 बंसला, नवनीत शर्मा, मनोज सागर व उप सचिव माधवेश कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

रेंट की सम्पत्तियों का होगा सर्वे
उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा सम्पत्ति व रेंट अनुभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गयी। इस मौके पर उपाध्यक्ष ने रेंट की 1828 अनिबंधित सम्पत्तियों का सर्वे कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए टीम गठित कर ली जाए और दीपावली के बाद सर्वे शुरू कराया जाए। इसके अलावा उन्होंने नजूल एवं इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट की सम्पत्तियों का लैंड आॅडिट कराने के निर्देश दिये।
उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि प्राधिकरण की ऐसी व्यवसायिक एवं आवासीय सम्पत्तियां, जिनमें किसी तरह का विवाद है कि सूची तैयार करके उनके समक्ष प्रस्तुत की जाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि आवासीय, व्यवसायिक व अभियंत्रण अनुभाग आदि से सम्बंधित जिन फाइलों में कार्यवाही पूर्ण हो चुकी हैं, उन्हें रिकाॅर्ड रूम में जमा कराया जाए। यह कार्य एक महीने के अंदर पूर्ण करा लिया जाए तथा समस्त प्रभारी अधिकारी से रिपोर्ट ली जाए कि उनके अनुभाग की ऐसी समस्त फाइलें जमा कराई जा चुकी हैं।

डेंगू के मद्देनजर गड्ढ़ों में जलभराव रोकने के निर्देश
शहर में तेजी से बढ़ रहे डेंगू के प्रकोप को देखते हुए लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने निर्माण स्थलों पर खुदे गड्ढ़ों में जलभराव रोकने हेतु गड्ढों को भरने के निर्देश दिये हैं। इस सम्बंध में उन्होंने आदेश जारी करते हुए समस्त अभियंताओं को इस कार्य को अतिशीघ्र सम्पादित कराने का जिम्मा सौंपा है।

उपाध्यक्ष ने कहा कि डेंगू फैलने का प्रमुख कारण स्वच्छ जल भराव होता है, जिसमें डेंगू का मच्छर पाया जाता है। संज्ञान में आया है कि जिन स्थलों पर प्राधिकरण का कार्य चल रहा है अथवा प्राइवेट बिल्डर द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है। उस स्थल पर गड्ढा खोद कर उसमें जल एकत्रित किया जाता है तथा उसका उपयोग निर्माण कार्य में किया जाता है। अतः उपरोक्त को दृष्टिगत रखते हुए सभी को निर्देशित किया जाता है कि सभी स्थलों का निरीक्षण करले तथा जिस स्थल पर गड्ढा खोद कर उसमें जल एकत्रित कर कार्य कराया जा रहा है, उन समस्त स्थलों पर गड्ढ़े को बन्द कराया जाए। उन्होंने कहा कि सचिव व अपर सचिव द्वारा इस सम्बंध में की जाने वाली कार्यवाही की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
btnimage