निषाद पार्टी ने बीजेपी से मिलाया हाथ, 2022 के विधानसभा में मिलकर लड़ेंगे चुनाव

भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी व केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को निषाद पार्टी के साथ मिलकर 2022 के विधानसभा चुनाव लड़ने की औपचारिक घोषणा की। इस मौके पर निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के प्रभारी राधा मोहन सिंह और प्रदेश सरकार के मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह भी उपस्थित थे।

पार्टी मुख्यालय पर शुक्रवार को प्रेस प्रतिनिधियों से बात करते हुए धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव भाजपा और निषाद पार्टी साथ मिलकर लड़ेगें, हमारे गठबंधन में अपना दल भी जुड़ा है। हम 2022 में मजबूती से विधानसभा चुनाव लडे़गें और इसकी प्रक्रिया हमनें शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि मैं पिछले तीन दिनों से उत्तर प्रदेश के प्रवास पर हूं।

प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेट्रोलियम मंत्री के रूप में मैं उत्तर प्रदेश आता रहा हूं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना जैसा महत्वाकांक्षी कार्यक्रम इस प्रदेश से लांच हुआ और आज वटवृक्ष बन चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के तीन दिनों के प्रवास के बाद मैं यह जिम्मेदारी के साथ कह सकता हूॅ कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ऊपर प्रदेश की जनता का अटूट भरोसा है। प्रजातंत्र में विश्वास सबसे बड़ी पूंजी होती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा किसानों की असली हितैषी है और किसानों की आय दोगुनी करने को वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि 2022 के उत्तर प्रदेश की विधानसभा चुनाव हमारे लिए महत्वपूर्ण है। भाजपा संगठन और सरकार के कार्यों और समन्वय के बल पर विधानसभा चुनाव में समाज के सभी लोगों को हम साथ लेकर चलने में सफल होंगे और जनता के आशीर्वाद से प्रदेश में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे।

इसके पूर्व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि निषाद पार्टी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का हिस्सा है, विधानसभा चुनाव में हम साथ मिलकर चुनाव लडेंगे और जनता के समर्थन से विधानसभा चुनाव में भारी जीत दर्ज करते हुए राज्य में सरकार बनाएगें।

Related Articles

Back to top button
btnimage