अंतर्विभागीय फुटबॉल प्रतियोगिता में मैकेनिकल विभाग की पुरुष टीम बनी विजेता

उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा स्थानीय चारबाग रेलवे स्टेडियम में दो दिवसीय अंतर्विभागीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। जिसका प्रमुख उद्देश्य अपने कर्मचारियों को रेल सेवा के अतिरिक्त अन्य गतिविधियों में सम्मिलित होकर अपने को स्वस्थ एवम स्फूर्तिवान रखते हुए आपसी सहकार के साथ आनंदमई क्षणों को मुहैया कराना है, ताकि रेलकर्मी लगातार चलने वाली रेलसेवाओं की एकरसता से मुक्त होकर अपने को तरोताजा रखकर पूर्ण मनोयोग के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ रेल कार्य संपादित कर सकें।

 

04 सितम्बर 2022 को इस प्रतियोगिता का पुरुषों का फाइनल मैच खेला गया। नॉक आउट पद्धति पर आधारित इस प्रतियोगिता का यह फाइनल मैच वाणिज्य विभाग एवम मैकेनिकल विभाग की टीमों के मध्य खेला गया,जिसमें मैकेनिकल विभाग ने अपने प्रतिद्वंदी को 3-0 गोल से पराजित करते हुए विजेता का खिताब जीता। प्रतियोगिता के फाइनल के इस अवसर पर आयोजित किए जाने वाले पुरस्कार वितरण समारोह में विजेताओं एवम् उपविजेताओं को मंडल रेल प्रबंधक, सुरेश कुमार सपरा के द्वारा पुरस्कार प्रदान किया गया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि रेलसेवा की निरंतर गतिमान कार्यप्रणाली के मध्य एक अल्प विराम हेतु इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन निरंतरता से किया जाना चाहिए,क्योंकि इन आयोजनों द्वारा जहां एक ओर रेलकर्मियों को आनंद एवम मनोरंजन का कुछ समय प्राप्त होता है वहीं दूसरी ओर साथ साथ खेलने से उनमें आपसी सामंजस्य,सहकार एवम सहभागिता की भावना में भी वृद्धि होती है। उन्होंने विजेता टीमों को बधाई देते हुए प्रतियोगिता में सम्मिलित होने वाले समस्त विभागों तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जय पराजय से महत्वपूर्ण खेलों एवम स्पर्धाओं में भाग लेना होता है साथ ही उन्होंने इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु आयोजक दल की भी प्रशंसा की।

 

प्रतियोगिता समापन के इस अवसर पर समस्त विभागों के विभागाध्यक्ष,अन्य अधिकारी, ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के महामंत्री शिव गोपाल मिश्र, एन.आर.एम.यू. के मंडल अध्यक्ष,मंडल मंत्री,खिलाड़ी एवम बड़ी संख्या में अन्य रेल कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
btnimage