लखनऊ विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने लोहिया पार्क का किया निरीक्षण

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बुधवार को गोमती नगर स्थित डाॅ0 राम मनोहर लोहिया पार्क का निरीक्षण किया। इस मौके पर उपाध्यक्ष ने सर्वप्रथम गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की रोस्टर वाइज तैनाती एवं पेट्रोलिंग के कार्य की समीक्षा की तथा निर्देश दिये कि प्रत्येक शिफ्ट में तैनात गार्ड निरन्तर अंतराल में पेट्रोलिंग करेंगे।
उपाध्यक्ष ने गेट नंबर-4 के पास स्थित डक्ट प्वाइंट का सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिये। साथ ही फुटपाथ की साइड पटरी पर हो रहे मिट्टी कटान के मद्देनजर टो-वाॅल तथा जिओ ग्रिट से मिट्टी को रोकने का कार्य कराने के लिए कहा। निरीक्षण में पाया गया कि पाथ-वे व आसपास के क्षेत्र में पेड़ की डालियों व झाड़ियों आदि को अव्यवस्थित रूप से काटकर एकत्रित किया गया है, जिसे उपाध्यक्ष ने तत्काल निस्तारित कराने के निर्देश दिये।
इसके अलावा पार्क और जे0पी0एन0आई0सी0 की काॅमन बाउंड्रीवाॅल के पास अनावश्यक रूप से रखी लोहे की बैरिकेटिंग को उपाध्यक्ष ने फौरन हटवाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि बाउंड्रीवाॅल पर ग्रीन शीट लगाने का कार्य कराया जाए, जिसके लिए जल्द से जल्द प्रस्ताव तैयार करके उनके समक्ष प्रस्तुत किया जाए।
इसके बाद उपाध्यक्ष ने ट्वायलेट ब्लाॅक का निरीक्षण किया, जिसमें सफाई व्यवस्था मानक के अनुरूप न मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए व्यवस्था ठीक कराने के निर्देश दिये। मौके पर ट्वायलेट के मरम्मत एवं रंगाई-पुताई का कार्य होते पाया गया, जिसमें निर्देश दिये गये कि समस्त बुनियादी सुविधाओं के साथ मानक के अनुरूप प्रगति बढ़ाते हुए कार्य पूर्ण कराया जाये। इसके अतिरिक्त उपाध्यक्ष ने आगामी शरदऋतु के दृष्टिगत नर्सरी में सीजनल पौधे तैयार करके पार्क में रोपित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पार्क में लगे झूलों व बेंच आदि की समुचित मरम्मत करायी जाए तथा ओपन जिम की फाइल को शीघ्र स्वीकृत कराके कार्य शुरू कराया जाए।
इस मौके पर अधिशासी अभियंता अवनीन्द्र कुमार सिंह, सहायक अभियंता आलोक कुमार एवं सहायक उद्यान अधिकारी मो0 इमरान समेत अन्य सम्बंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।








