#LDA उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने नगर निगम एवं प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ की बैठक

जानकीपुरम विस्तार के प्रत्येक सेक्टर में शौचालय व पी0सी0टी0एस0 बनाये जाएंगे

योजना में अवस्थापना सुविधाओं, पार्क तथा औद्यानिक सौंदर्यीकरण के कार्यों के लिए 10 करोड़ रूपये का चेक सौंपा

जानकीपुरम विस्तार में ग्रीन बेल्ट व भूखण्डों पर अवैध रूप से बसी झुग्गी-झोपड़ी व डेयरी के खिलाफ एलडीए व नगर निगम चलाएगा संयुक्त अभियान

लखनऊ। जानकीपुरम विस्तार के प्रत्येक सेक्टर में अवस्थापना सुविधाओं, पार्क तथा औद्यानिक सौंदर्यीकरण के कार्य जल्द रफ्तार पकड़ेंगे। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने गुरूवार को नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक करके उन्हें योजना के हैंडओवर के सम्बंध में बनी सहमति के अंतर्गत 10 करोड़ रूपये का चेक सौंपा। इस दौरान उपाध्यक्ष ने निर्देशित कि योजना के प्रत्येक सेक्टर में शौचालय व कूड़े के निस्तारण के लिए पी0सी0टी0एस0 की व्यवस्था की जाए, जिसके लिए ज्वाइंट सर्वे करके उपयुक्त स्थान चिन्हित कर लिये जाएं।

उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित की गयी जानकीपुरम योजना, सेक्टर-जे एवं जानकीपुरम विस्तार योजना, सेक्टर-1 से 11 तक तथा गोमती नगर के विकल्प खण्ड और विराज खण्ड का क्षेत्र नगर निगम को हैंडओवर कर दिया गया है। हैंडओवर के सम्बंध में बनी सहमति के अंतर्गत प्राधिकरण द्वारा नगर निगम को लगभग 35 करोड़ रूपये की धनराशि दी जानी है। इस क्रम में गुरूवार को नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक करके उन्हें 10 करोड़ रूपये का चेक सौंप दिया गया, जबकि शेष धनराशि एक सप्ताह में दे दी जाएगी।

बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि योजना में ग्रीन बेल्ट व खाली भूखण्डों पर अवैध रूप से बनी झुग्गी-झोपड़ियों तथा डेयरी आदि के खिलाफ एलडीए व नगर निगम संयुक्त अभियान चलाएंगे। इसके लिए सोमवार से अवैध अतिक्रमण के स्थानों को चिन्हित करते हुए वहां मुनादी की कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी। ग्रीन बेल्ट से अवैध कब्जों को हटाने के साथ ही वहां वृहद स्तर पर वृक्षारोपण कराया जाएगा, ताकि भविष्य में वहां दोबारा अवैध कब्जे न हो सकें।

उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि जानकीपुरम विस्तार के प्रत्येक सेक्टर में शौचालय बनाने के सम्बंध में निर्देश दिये गये हैं, इसके लिए सीवर लाइन के नजदीक उपयुक्त स्थान चयनित करने का कार्य ज्वाइंट सर्वे करके किया जाएगा। इसी तरह प्रत्येक सेक्टर में कूड़े के लिए पी0सी0टी0एस (पोर्टेबल काॅम्पेक्टर ट्रांसफर सिस्टम) लगाने के सम्बंध में निर्देश दिये गये हैं। इसके अतिरिक्त सेक्टर-6 में लगने वाली अवैध सब्जी मंडी को सेक्टर-2 में निर्धारित स्थान पर शिफ्ट किये जाने के निर्देश दिये गये। योजना में लाइट के सम्बंध में नगर निगम के अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि 37 हाई मास्ट व 470 एलईडी लाइटों का वर्क आर्डर सोमवार को जारी कर दिया जाएगा, जिसका कार्य शीघ्र पूर्ण करा दिया जाएगा।

उपाध्यक्ष ने बताया कि सेक्टर-2 के सामने ग्रीन बेल्ट में प्राधिकरण द्वारा सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाएगा।इसके अलावा योजना के समस्त पार्कों के सौंदर्यीकरण के लिए नगर निगम के अधिकारियों को शीघ्र टेंडर कराकर कार्य शुरू कराने के निर्देश दिये गये हैं।

बैठक में अपर नगर आयुक्त पंकज सिंह एवं अभय पाण्डेय, मुख्य अभियंता महेश वर्मा, प्राधिकरण के अधीक्षण अभियंता अजय कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता नवनीत शर्मा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage