LDA VC डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बसन्तकुंज योजना में निर्मित प्रधानमंत्री आवासों का किया निरीक्षण

बसन्तकुंज योजना स्थित प्रधानमंत्री आवासों का कार्य जल्द होगा पूरा
निर्माण/विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के दिये निर्देश, कार्यदायी संस्था को पार्क व सड़क के किनारे कराना होगा वृक्षारोपण
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने शनिवार को बसन्तकुंज योजना में निर्मित प्रधानमंत्री आवासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने योजना के आंतरिक एवं वाह्य विकास कार्यों को पूर्ण करने के लिए समय सीमा निर्धारित करते हुए अधिकारियों को पूरी गुणवत्ता के साथ कार्य कराने के निर्देश दिये। इस मौके पर प्राधिकरण के सचिव पवन कुमार गंगवार भी उपस्थित रहे।

अधिशासी अभियंता संजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि बसन्तकुंज योजना में 2256 प्रधानमंत्री आवास बने हैं। यहां निरीक्षण करने पहुंचे उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी व सचिव पवन कुमार गंगवार ने साइट मैप देखने के बाद अलग-अलग ब्लाॅक में जाकर निर्माण कार्यों की समीक्षा की। इसमें यह पाया गया कि मेसर्स प्रताप हाइट्स को 1200 भवन बनाने का ठेका मिला है, जिनमें से अभी 90 भवनों का कार्य शेष है। इस पर उपाध्यक्ष ने फर्म के प्रतिनिधि को निर्देशित किया कि श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर शेष भवनों का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराएं। इसके अतिरिक्त उन्होंने शिवम लाइट हाउस के प्रतिनिधि को 15 दिनों में रोड, नाली व पार्क का कार्य पूर्ण करके वहां वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिये।

निरीक्षण में पाया गया कि पार्क की बाउन्ड्रीवाॅल कुछ जगहों पर सीधी नहीं है और इसकी फिनिशिंग का कार्य भी संतोषजनक नहीं है। इस पर उपाध्यक्ष ने बाउन्ड्रीवाॅल का काम कर रही एस0बी0एस फर्म के प्रतिनिधि को इन खामियों को सही कराने के निर्देश दिये। उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने अवर अभियंताओं व सुपरवाइजरों की जिम्मेदारी तय करते हुए समस्त कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिये हैं।
इस मौके पर सहायक अभियंता राजकुमार वर्मा, विशाल यादव एवं राज कुमार समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।








