एलडीए ने पारा में व्यवसायिक कॉम्पलेक्स, रो-हाउस भवन समेत चार अवैध निर्माण सील किये

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान पारा क्षेत्र में व्यवसायिक कॉम्पलेक्स, रो-हाउस भवन समेत चार अवैध निर्माण सील किये गये।

प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि अजीत सिंह व अन्य द्वारा पारा के डॉक्टर खेड़ा में पाल पैराडाइज वाली रोड पर सरोज हॉस्पिटल के पास लगभग 3000 वर्गफिट क्षेत्रफल में 3 रो-हाउस भवनों का निर्माण करवाया जा रहा था। इसके अलावा मुन्ना सिंह व उनके पुत्रों द्वारा पारा की जनता विहार कालोनी में सरोज क्लीनिक के पास लगभग 450 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर भूतल व प्रथम तल पर दुकानों व कमरों का निर्माण करवाया जा रहा था।

प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे उक्त अवैध निर्माणों के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। इसके अतिरिक्त संजय कुमार द्वारा पारा के ग्राम-फतेहगंज में कराये जा रहे अवैध निर्माण के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा पुनः सीलिंग के आदेश दिये गये थे।

सहायक अभियंता वाई0पी0 सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता भरत पाण्डेय, भानु प्रकाश वर्मा व प्रमोद पाण्डेय द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से प्रश्नगत स्थलों को सील कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage