अकबरनगर में लगे विशेष शिविर में 21 विस्थापितों ने आवास के लिए कराया पंजीकरण

एलडीए: अकबरनगर प्रथम व द्वितीय में कुकरैल नदी व बंधे के विस्थापितों को आवास व दुकानें आवंटित करने के लिए लगाये गये विशेष पंजीकरण शिविर में मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान 09 विस्थापितों ने प्रधानमंत्री आवास के लिए पंजीकरण कराया, जबकि 12 लोगों ने डूडा की आसरा आवास योजना के लिए फार्म भरे।

अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि अकबरनगर प्रथम व द्वितीय में कुकरैल नदी व बंधे के विस्थापितों को आवास व दुकानें आवंटित की जा रही हैं। जिसके लिए पंजीकरण कराने में विस्थापितों को किसी तरह की कोई दिक्कत न हो, इसके लिए उपाध्यक्ष
डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देशानुसार दिनांक-09.12.2023 से दिनांक-21.12.2023 तक अकबरनगर पुलिस चौकी के निकट ही विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को कैम्प में पहुंचे लोगों ने योजना व पंजीकरण के सम्बंध में पूरी जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान 39 लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के फार्म लिये। जिसमें से अकबरनगर प्रथम की सलमा बेगम, शब्बीर खान, शीलू शुक्ला, मुसाहिक आरिफ खान, पियूष शर्मा, विपुल चौहान, सायरा बानो, मो0 एहतिशाम एवं मो0 हसीब ने समस्त दस्तावेजों के साथ 5 हजार रूपये जमा कराके प्रधानमंत्री आवास के लिए पंजीकरण कराया। इसके अलावा 12 विस्थापितों ने डूडा की आसरा आवास योजना के लिए पंजीकरण कराया।

अपर सचिव ने बताया कि अकबरनगर में लगाये जा रहे कैम्प में अब तक कुल 44 विस्थापितों ने प्रधानमंत्री आवास तथा 78 लोगों ने डूडा के आवास के लिए पंजीकरण कराया है। उन्होंने बताया कि उपाध्यक्ष महोदय के आदेशानुसार विस्थापितों को कई सहूलियतें दी जा रही हैं। इसमें एक तरफ प्रधानमंत्री आवास की पंजीकरण धनराशि 10,000 रूपये से घटाकर 5,000 रूपये कर दी गयी है। वहीं, दूसरी तरफ व्यावसायिक श्रेणी में 25 प्रतिशत के स्थान पर मात्र 15 प्रतिशत धनराशि के अग्रिम भुगतान पर ही दुकानों का कब्जा दिया जा रहा है।

इसके अलावा जिनके परिवार बड़े हैं या फिर जो अधिक क्षेत्रफल के आवास लेना चाहते हैं तो वे प्राधिकरण की योजनाओं में रिक्त फ्लैटों को 15 प्रतिशत के अग्रिम भुगतान पर लेकर निवास कर सकते हैं। इन सभी श्रेणियों में शेष धनराशि 10 वर्षों की आसान किस्तों में जमा करने का विकल्प दिया गया है।

Related Articles

Back to top button
btnimage