एलडीए : काकोरी में व्यावसायिक काॅम्पलेक्स व गोदाम समेत 4अवैध निर्माण सील
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने की कार्यवाही

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के क्रम में सोमवार को प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने काकोरी क्षेत्र में कार्यवाही की। इस दौरान बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्मित किये जा रहे व्यावसायिक काॅम्पलेक्स व गोदाम समेत चार अवैध निर्माणों को सील किया गया।

प्रवर्तन जोन-3 की जोनल अधिकारी वन्दना पाण्डेय ने बताया कि चन्द्र यादव व अन्य द्वारा काकोरी के कटिंगरा में आगरा एक्सप्रेस-वे पर लगभग 1500 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर लोअर ग्राउंड फ्लोर में दुकानों व अपर ग्राउंड फ्लोर पर गोदाम व स्टोर रूम का निर्माण कराया जा रहा था। वहीं, प्रांजल मिश्रा व अन्य द्वारा काकोरी के बड़ा गांव में आगरा एक्सप्रेस-वे के बायें किनारे पर लगभग 2500 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर व्यावसायिक काॅम्पलेक्स का निर्माण करवाया जा रहा था। इसी तरह हरिराम, सचिन कुमार व अन्य द्वारा काकोरी में मोहान रोड पर पानखेड़ा में लगभग 225 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर तीन मंजिला व्यावसायिक बिल्डिंग का निर्माण करवाया जा रहा था। इसके अलावा राजेश गुप्ता व अन्य द्वारा काकोरी में मौदा रोड पर ग्राम-थर में लगभग 150 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर दुकान व गोदाम आदि का व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था।

प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे उक्त चारों निर्माण कार्यों के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में अवर अभियंता संजय शुक्ला व एस0के0 सिंह द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से चारों अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया।








