#LDA ने प्रवर्तन जोन 2 के बिजनौर क्षेत्र में 25 रो-हाउस किये सील

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अनाधिकृत निर्माण/अवैध प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने सरोजनी नगर क्षेत्र में अवैध रूप से बनाये जा रहे 25 रो-हाउसेस को सील किया।

प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि हरिहर मिश्रा द्वारा बिजनौर रोड (पुराना गोरौड़ा रोड) माधव मोटर के पीछे लगभग 20 हजार वर्गफुट क्षेत्रफल में 20 रो-हाउसेस का निर्माण किया गया था।
वहीं, इसके बगल में सत्य प्रकाश द्वारा लगभग चार हजार वर्गफुट क्षेत्रफल में तीन रो-हाउसेस बनाये गये थे, जबकि राधे श्याम ओझा द्वारा इसी स्थान पर लगभग दो हजार वर्गफुट क्षेत्रफल में दो रो-हाउस का निर्माण किया गया था। उक्त तीनों प्रकरण में विहित न्यायालय में वाद योजित किये गये थे, जिसमें विपक्षियों द्वारा कोई स्वीकृत मानचित्र/साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया तथा चोरी-छुपे अवैध निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। इस पर तीनों स्थलों को सील किये जाने के आदेश पारित किये गये थे।

उक्त आदेशों के अनुपालन में आज सहायक अभियंता वाई0पी0 सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता उस्मान अली एवं एन0एन0 चौबे द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से तीनों स्थलों पर सीलिंग की कार्यवाही की गयी।








