जोन 5 के बीकेटी में अवैध प्लाटिंग पर एलडीए ने चलाया बुलडोजर

लगभग आठ बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से किया जा रहा था भूखण्डों का विकास/निर्माण, प्रवर्तन जोन-5 की टीम द्वारा की गयी कार्यवाही

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अनियोजित रूप से विकसित की जा रही अवैध कालोनियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को बीकेटी के महोना क्षेत्र में एक अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गयी।

प्रवर्तन जोन-5 की जोनल अधिकारी श्रद्धा चौधरी ने बताया कि अख्तर एवं मोनू सिंह व अन्य द्वारा बख्शी का तालाब के महोना के ग्राम भैसामऊ में आर0आर0 काॅलेज के सामने लगभग 8 बीघा क्षेत्रफल में बिना प्राधिकरण से तलपट मानचित्र स्वीकृत कराये अनाधिकृत रूप से भूखण्डों का विकास/निर्माण कार्य कराया जा रहा था। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या-11/2020 योजित किया गया था।

उक्त प्रकरण में विपक्षी न ही सुनवाई की तारीखों पर उपस्थित हुए और न ही उनके द्वारा कोई जवाब एवं साक्ष्य प्रस्तुत किया गया। पुनः स्थल का निरीक्षण किये जाने पर पाया गया कि विपक्षी द्वारा काफी तेजी से अवैध निर्माण कराया जा रहा था, जिस पर विहित प्राधिकारी द्वारा ध्वस्तीकरण आदेश पारित किये गए थे।

उक्त आदेशों के अनुपालन में आज सहायक अभियंता शीतल प्रसाद, अभियंता राजीव कुमार श्रीवास्तव तथा सुशील कुमार वर्मा द्वारा स्थानीय थाने की पुलिस एवं पी0ए0सी0 बल के सहयोग से प्रश्नगत स्थल पर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करायी गयी।

जोनल अधिकारी श्रद्धा चौधरी ने बताया कि विकासकर्ता द्वारा उक्त स्थल पर दो साइट आफिस, एप्रोच रोड एवं कई भूखण्डों की बाउंड्रीवाॅल का निर्माण आदि कार्य कराया गया था, जिसे ध्वस्त कराया गया है। शीघ्र ही अन्य अवैध प्लाटिंग के खिलाफ भी बड़ी कार्यवाही की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
btnimage