#LDA ने गोमतीनगर विस्तार और सीतापुर रोड योजना में अवैध कब्जे हटाये

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा प्राधिकरण की अर्जित भूमि पर से अवैध कब्जों/अतिक्रमण को हटाने के सम्बंध में दिये गये निर्देशों के क्रम में मंगलवार को गोमतीनगर विस्तार और सीतापुर रोड योजना में अभियान चलाकर बड़ी संख्या में अवैध कब्जे हटाये गये।

अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि गोमती नगर विस्तार में प्राधिकरण के स्वामित्व के व्यवसायिक भूखण्ड संख्या-सीपी-4/6 में लगभग 6000 वर्गमीटर क्षेत्रफल भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा करके झुग्गी-झोपड़ी बनाकर निवास तथा व्यवसाय किया जा रहा था। जिसे अभियंत्रण जोन-1 के अधिशासी अभियंता के0के0 बंसला, सहायक अभियंता आलोक कुमार सिंह तथा अवर अभियंता एस0के0 भाटी द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल तथा गोमती नगर विस्तार थाने के पुलिस बल के सहयोग से खाली कराया गया।

इसके अतिरिकत सीतापुर रोड योजना के अंतर्गत व्यवसायिक भूखण्ड संख्या सीपी-13, सेक्टर-ई में बस अड्डे के लिए आरक्षित लगभग 19000 वर्गमीटर भूमि पर कुछ लोगों द्वारा झुग्गी-झोपड़ी बनाकर अवैध कब्जे किये गये थे। इसमें दर्जनों की संख्या में पटरा-बल्ली की दुकानें तथा कबाड़ कारोबारियों के भी अवैध कब्जे थे। जिसे प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी अरविंद त्रिपाठी एवं अभियंत्रण जोन-4 के अधिशासी अभियंता नवनीत शर्मा के नेतृत्व में सहायक अभियंता अनिल कुमार एवं प्रवीण कुमार तथा अवर अभियंता भानु प्रकाश वर्मा, जाकिर अली, अम्बरीश शर्मा, जितेन्द्र मोहन और राकेश कुमार द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल तथा स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से खाली कराया गया।
अधिशासी अभियंता नवनीत शर्मा ने बताया कि कार्यवाही के दौरान 80 से अधिक अवैध कब्जे हटाये गये। इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित रहे।








