एलडीए : जुरासिक पार्क में लगेंगे डायनासोर, किंग काॅग व मैमथ के रियल साइज माॅडल

- जुरासिक पार्क में लगेंगे डायनासोर, किंग काॅग व मैमथ के रियल साइज माॅडल
- लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा जनेश्वर मिश्र पार्क में लगभग पांच एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा जुरासिक पार्क
- अत्याधुनिक सेंसरों से युक्त होंगे सभी माॅडल, ब्रीथिंग व साउंड इफेक्ट के साथ डायनासोर का मूवमेंट भी देख सकेंगे दर्शक
- रोमांच के साथ शिक्षाप्रद भी होगी जुरासिक पार्क की यात्रा, डायनासोर की उत्पत्ति से लेकर विलुप्त होने तक की पूरी कहानी से रूबरू हो सकेंगे आगंतुक
- प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के समक्ष किया गया टेंडर का प्रेजेन्टेशन, टेक्निकल बिड के मूल्यांकन के बाद जल्द शुरू होगा काम
लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा जनेश्वर मिश्र पार्क में विकसित किये जाने वाले जुरासिक पार्क में डायनासोर, किंग काॅग व मैमथ आदि के रियल साइज माॅडल लगाये जाएंगे। यह माॅडल अत्याधुनिक सेंसरों से लैस होंगे, जिससे कि दर्शक डायनासोर के ब्रीथिंग व साइंड इफेक्ट के साथ मूवमेंट का भी आनंद ले सकेंगे।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के समक्ष शुक्रवार को जुरासिक पार्क के टेंडर व ले-आउट का प्रेजेन्टेशन किया गया। उन्होंने बताया कि जुरासिक पार्क का निर्माण पी0पी0पी0 माॅडल पर कराया जा रहा है तथा इसके निर्माण में निष्प्रयोज्य वस्तुओं जैसे कि ग्राड़ियों के स्क्रैप व टायर इत्यादि का प्रयोग किया जाएगा। इसमें डायनासोर की विभिन्न प्रजातियों के रियल साइज माॅडल होंगे। साथ ही कई मीटर लंबी सुरंग बनायी जाएगी, जिसमें प्रवेश करते ही लोगों को प्राचीन काल की गुफा का अनुभव होगा। पार्क में आगंतुकों के लिए आकर्षक इन्ट्री गेट, पाथ-वे, फेन्सिंग, सेल्फी प्वाइंट्स व कैफेटेरिया आदि भी बनाये जाएंगे। इसके अलावा पार्क के एक हिस्से में री-क्रिएशनल स्पेस विकसित किया जाएगा, जहां लोग आराम से बैठकर आसपास के रोमांचक नजारें ले सकेंगे।
प्रेजेन्टेशन के दौरान उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा अधिकारियों व कंपनी के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि जुरासिक पार्क के निर्माण में सिविल का कार्य कम से कम किया जाए तथा पार्क में लगे पेड़-पौधों से किसी भी तरह की छेड़छाड़ न की जाए। जिससे कि पार्क में आने वाले लोगों को प्राकृतिक माहौल मिले। उपाध्यक्ष ने कहा कि जुरासिक पार्क को इस तरह विकसित किया जाए कि यह मनोरंजक के साथ शिक्षाप्रद भी हो। पार्क में आने वाले आंगतुक डायनासोर की उत्पत्ति से लेकर विलुप्त होने तक की पूरी कहानी से रूबरू हो सकें। इसके लिए सही स्थानों को चिन्हित करके वहां साइनेज बोर्ड लगाये जाएं और उनमें डायनासोर से सम्बंधित समस्त जानकारी उल्लेखित की जाए।
उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि जुरासिक पार्क के निर्माण के लिए कराये गये टेंडर की टेक्निकल बिड खोली जा चुकी है तथा तकनीकी मूल्यांकन के बाद जल्द ही काम शुरू करा दिया जाएगा।
इस अवसर पर वित्त नियंत्रक दीपक सिंह, अधिशासी अभियंता-उद्यान संजय जिंदल, अधिशासी अभियंता के0के0 बंसला, सहायक अभियंता राजपाल सिसौदिया, सहायक अभियंता विशाल कुमार, सहायक उद्यान अधिकारी कर्ण सिंह व अवर अभियंता संजय भाटी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








