LDA News: प्राधिकरण दिवस/जनता अदालत में 21 प्रकरणों का मौके पर हुआ निस्तारण

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी व सचिव पवन कुमार गंगवार ने जन सामान्य की समस्याओं को सुना

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा जन सामान्य एवं आवंटियों की समस्याओं एवं उनके कार्यों को त्वरित गति से शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित किये जाने हेतु दिए गए निर्देशों के क्रम में गुरूवार को प्राधिकरण भवन के भूतल स्थित कमेटी हाल में प्रातः 10 बजे से “प्राधिकरण दिवस/जनता अदालत“ का आयोजन किया गया।

अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी व सचिव पवन कुमार गंगवार द्वारा जनता अदालत में स्वयं उपस्थित होकर जन सामान्य की समस्याओं को विस्तारपूर्वक सुना गया। इस दौरान गोमती नगर के विशेष खण्ड-4 निवासी भास्कर पाण्डेय ने शिकायत की कि कुछ अराजक तत्वों द्वारा कालोनी के खाली भूखण्डों पर अवैध रूप से झुग्गी-झोपड़ी डालकर अतिक्रमण कर लिया गया है। इस पर उपाध्यक्ष ने जोन-1 के जोनल अधिकारी व अधिशासी अभियंता को तत्काल स्थल का निरीक्षण करके सात दिवस के अंदर कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए। वहीं, विनीत खण्ड निवासी गिरीश कुमार सिंह ने सेक्टर-4 स्थित सहज आवास योजना में आवंटित फ्लैट में भौतिक कब्जा दिलाने के सम्बंध में प्रार्थना पत्र दिया। इस पर उपाध्यक्ष ने सम्बंधित अधिकारियों को 10 दिन में आख्या देते हुए कार्यवाही कराने के निर्देश दिये। इसके अलावा रामनगर, एलडीए कालोनी निवासी विनोद कुमार मिश्रा ने बसन्तकुंज योजना केे सेक्टर-एन में भूखण्ड की गणना व रजिस्ट्री के सम्बंध में प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर उपाध्यक्ष द्वारा नजूल अधिकारी को कार्यवाही के लिए निर्देश दिये गए।

अपर सचिव ने बताया कि जनता अदालत में रजिस्ट्री, फ्री-होल्ड, सीमांकन, कब्जे व एनओसी आदि से सम्बंधित कुल 69 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 21 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं, शेष प्रकरणों के निस्तारण के सम्बंध में उपाध्यक्ष महोदय द्वारा समय सीमा निर्धारित करते हुए सम्बंधित अधिकारियों को कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया है।

इस मौके पर विशेष कार्याधिकारी अरुण कुमार सिंह, रामशंकर, नजूल अधिकारी अरविंद त्रिपाठी व तहसीलदार श्रद्धा चौधरी समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage