#LDA ने कानपुर रोड योजना में 10 करोड़ की व्यावसायिक पार्किंग को अतिक्रमण मुक्त कराया

लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध कब्जे/अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को कानपुर रोड के सेक्टर-डी-1 में व्यावसायिक पार्किंग को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।

प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी अमित राठौर ने बताया कि कानपुर रोड के सेक्टर-डी-1 में प्राधिकरण की व्यावसायिक पार्किंग है। इस पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा करके अतिक्रमण कर लिया गया था। उपाध्यक्ष द्वारा अतिक्रमण हटाकर पार्किंग को खाली कराये जाने के सम्बंध में निर्देश दिये गए थे।
उक्त आदेशों के अनुपालन में आज अधिशासी अभियंता के0के0 बंसला के नेतृत्व में प्राधिकरण पुलिस बल व क्षेत्रीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से अवैध कब्जे को ध्वस्त करके जमीन खाली करा ली गयी।

जोनल अधिकारी ने बताया कि खाली करायी गई पार्किंग का क्षेत्रफल लगभग 2400 वर्ग मीटर है और इसकी कीमत करीब 10 करोड़ रूपये है।








