एलडीए ने अभियान चलाकर 54 सुलभ आवास कब्जा मुक्त कराये

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के आदेश पर बुधवार को गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-1 स्थित सुलभ आवासों में अवैध कब्जेदारों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान प्राधिकरण के अधिकारियों ने अवैध अध्यासियों को उनके सामान सहित बेदखल करते हुए 54 आवासों को अपने कब्जे में ले लिया। इस तरह से प्राधिकरण द्वारा अब तक कुल 65 सुलभ आवास खाली कराये गए हैं। उपाध्यक्ष ने बताया कि अवैध कब्जेदारों के खिलाफ यह कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।
जोन-1 के अधिशासी अभियंता अवनीन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा बहुमंजिला आवासीय योजनाओं में रहने वाले आवंटियों की शिकायतों के समाधान के लिए समस्त आर0डब्ल्यू0ए0 के साथ बैठक की गयी थी। इसमें सुलभ आवास योजना के आर0डब्ल्यू0ए0 द्वारा कालोनी के भवनों में अवैध कब्जों की शिकायत की गयी थी।
उपाध्यक्ष ने इसे गंभीरता से लेते हुए कार्यवाही के लिए 20 अधिकारियों की टीम गठित की थी। इन टीमों द्वारा गोमती नगर विस्तार योजना के सेक्टर-1, 4 व 6 में स्थित सुलभ आवासों का सर्वे किया गया, जिसमें प्रथम दृष्ट्या लगभग 150 आवासों में अवैध कब्जे मिले थे। इस पर उपाध्यक्ष ने सुलभ आवास योजना में अभियान चलाकर आवासों को कब्जा मुक्त कराने के आदेश दिये थे। जिसके अनुपालन में पूर्व में गोमती नगर विस्तार में सेक्टर-4 स्थित 11 सुलभ आवास खाली कराये गए थे।
अधिशासी अभियंता अवनीन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि आज गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-1 में अभियान चलाया गया। इस क्रम में प्राधिकरण पुलिस बल के सहयोग से 54 फ्लैटों को खाली कराकर प्राधिकरण द्वारा अपने कब्जे में ले लिया गया। कार्यवाही के दौरान कुछ फ्लैटों में अवैध कब्जेदार निवास करते हुए मिले, जिन्हें उनके सामान समेत वहां से हटा दिया गया।
अवर अभियंता संजय भाटी ने बताया कि खाली कराये गए आवासों में प्राधिकरण द्वारा अपना ताला लगाते हुए नोटिस चस्पा की गयी, साथ ही पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी भी कराई गई।








