एलडीए प्रवर्तन जोन-4: सैरपुर में एलडीए की कार्रवाई, 04 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने की कार्रवाई

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में सोमवार को प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने सैरपुर क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान लगभग 18 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 04 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया।

प्रवर्तन जोन-4 की जोनल अधिकारी संगीता राघव ने बताया कि सैरपुर थानाक्षेत्र के बौरूमऊ में विक्रम, प्रदीप यादव, संतोष कुमार, दीपू यादव व अन्य द्वारा चार अलग-अलग स्थानों पर लगभग 18 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन चारों अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे।
जिसके अनुपालन में प्रवर्तन टीम द्वारा स्थल पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करायी गयी। इस दौरान डेवलपर्स द्वारा स्थल पर विकसित की गयी सड़क, नाली, बाउन्ड्रीवॉल आदि को ध्वस्त कर दिया गया।








