एलडीए : गोमती रिवर फ्रंट पर 11 करोड़ रूपये की लागत से होंगे विकास कार्य

एडीसीपी ऑफिस से पिपराघाट के मध्य 380 मीटर लंबे स्ट्रेच में नये सिरे से होगा काम, जॉगिंग ट्रैक, गजीबो, योगा हट, ओपन जिम आदि बनेंगे

गोमती रिवर फ्रंट पर एडीसीपी ऑफिस से पिपराघाट के मध्य लगभग 380 मीटर लंबे स्ट्रेच में नये सिरे से विकास, हॉर्टीकल्चर व सौंदर्यीकरण के कार्य कराये जाएंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शनिवार को गोमती रिवर फ्रंट का निरीक्षण करके इसकी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिये।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि आवास विकास द्वारा गोमती रिवर फ्रंट के लिए अवस्थापना निधि से लगभग 11 करोड़ रूपये दिये जा रहे हैं। इससे रिवर फ्रंट में विकास, औद्यानिकीकरण, विद्युतीकरण, सौंदर्यीकरण व अनुरक्षण के कार्य कराये जाएंगे। इस क्रम में एडीसीपी कार्यालय से पिपराघाट के बीच 380 मीटर लंबे स्ट्रेच में जॉगिंग ट्रैक व ओपन जिम बनवाया जाएगा, साथ ही लैंड स्केप व लाइटिंग के काम कराये जाएंगे। इसके अलावा लोहिया सेतु से एडीसीपी कार्यालय के मध्य रिवर फ्रंट पर जाने के लिए अभी सिर्फ 02 ही स्थानों पर प्रवेश की व्यवस्था है। इसे ध्यान में रखते हुए आगंतुकों की सुविधा के लिए अब 05 जगहों पर प्रवेश व निकासी की व्यवस्था सृजित की जाएगी, जिसके लिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। इसके अलावा यहां योगा हट एवं ओपन जिम बनवाने व झूले लगाने के भी निर्देश दिये गये हैं।

मोरपंखी लॉन में बनेगा जॉगिंग ट्रैक

उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि रिवर फ्रंट पर मरीन ड्राइव से लगे हुये मोर पंखी लॉन में लगभग 500 मीटर लंबा जॉगिंग ट्रैक निर्मित किया जाएगा। सीओ ऑफिस के पास मरीन ड्राइव के नीचे आगंतुकों की सुविधा के लिए लगभग 28 लाख रूपये की लागत से ट्ायलेट ब्लॉक बनवाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
btnimage