जी-20 रोड के पास एलडीए की अर्जित भूमि पर चल रही थी अवैध क्रिकेट एकेडमी
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मौके का निरीक्षण करके चिन्हित किये अवैध कब्जे

उपाध्यक्ष के अल्टीमेटम पर हरकत में आयी टीम ने पांच घंटे में अवैध क्रिकेट एकेडमी समेत कब्जे हटवाये
गोमती नगर विस्तार में जी-20 रोड के पास लखनऊ विकास प्राधिकरण की लगभग 15 एकड़ अर्जित भूमि पर अवैध रूप से निजी क्रिकेट एकेडमी चल रही थी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शनिवार को मौका मुआयना करके अवैध कब्जे देखे तो अधिकारियों को कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया। इस पर हरकत में आयी टीम ने पांच घंटे में अभियान चलाकर अवैध क्रिकेट एकेडमी समेत अन्य कब्जे हटवाये।
एलडीए के मुख्य अभियंता नवनीत शर्मा ने बताया कि उपाध्यक्ष महोदय द्वारा जी-20 रोड से गोमती नदी के मध्य स्थित ग्राम-उजरियांव की लगभग 15 एकड़ अर्जित भूमि का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मौके पर निजी क्रिकेट एकेडमी व अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित पायी गयीं, साथ ही कुछ स्थानों पर बाउन्ड्रीवॉल बनाकर अवैध कब्जे किये गये थे। उपाध्यक्ष ने ले-आउट व सैटेलाइट इमेज से मिलान कराकर सभी अवैध कब्जे चिन्हित किये और तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिये। जिसके अनुपालन में अर्जन व अभियंत्रण अनुभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्रिकेट एकेडमी व आसपास अन्य कब्जेदारों द्वारा किये गये अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया।
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि जी-20 रोड के समानान्तर गोमती नदी के मध्य स्थित उक्त अर्जित भूमि का सर्वे कराकर सभी अवैध कब्जों को पूरी तरह हटवाया जाएगा। जिसके लिए अपर सचिव सी0पी0 त्रिपाठी की अध्यक्षता में संयुक्त सचिव-अर्जन सुशील प्रताप सिंह, जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह, तहसीलदार अमित त्रिपाठी व अधिशासी अभियंता अजीत कुमार की टीम गठित की गयी है। उक्त टीम स्थल निरीक्षण करके सभी परिस्थितियों का परीक्षण करेगी और एक सप्ताह में पूरी रिपोर्ट सौंपेगी।








