ओला/उबर वाहनों में पैनिक बटन शीघ्र लगाने के निर्देश : परिवहन आयुक्त

परिवहन आयुक्त चन्द्र भूषण सिंह की अध्यक्षता में परिवहन कार्यालय में सार्वजनिक सेवा की बसों तथा ओला/उबर जैसी सेवाओं में प्रयुक्त वाहनों में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस लगाते हुए कमाण्ड सेंटर से इण्टीग्रेड किये जाने के विषय पर बैठक संपन्न हुई। परिवहन आयुक्त ने कहा कि इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही कराये जाने हेतु यूपी-112 एवं नगर विकास प्राधिकरण की एक संयुक्त तकनीकी समिति गठित की जाए।

बैठक में उबर कंपनी के प्रतिनिधियों ने अवगत कराया कि उनका ऐप तैयार है, जिसकी टेस्टिंग भी यूपी डायल-112 में हो चुकी है। परिवहन आयुक्त ने निर्देश दिये कि उक्त ऐप को शीघ्र ही कन्ट्रोल कमाण्ड सेंटर से इन्टिग्रेट किया जाए। इस संबंध में आवश्यक सभी कार्यवाहियॉ शीघ्र पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि वीएलटीडी योजना के क्रियान्वयन के लिए परिवहन विभाग अलग से कन्ट्रोल कमाण्ड सेंटर बनाया जाए। इस संबंध में अन्य राज्यों में लागू व्यवस्था का पहले अध्ययन किया जायेगा। उक्त योजना का समावेश नगरीय परिवहन निदेशालय में बने कन्ट्रोल कमाण्ड सेंटर के साथ भी करने पर विचार किया जायेगा।

परिवहन आयुक्त ने सार्वजनिक सेवा प्रदाता कंपनियों ओला/उबर आदि प्रयुक्त वाहनों में पैनिक बटन शीघ्र लगाये जाने हेतु निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि महिला सुरक्षा एवं आपातकाल में लोगों की जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक (आपरेशन्स), यूपी-112, संयुक्त निदेशक नगरीय परिवहन निदेशालय, बीएसएनएल के यूपी सर्किल के आर0के0 जायसवाल, उबर सेवा प्रदाता कंपनी के प्रतिनिधि, एमडी एलसीटीएसएल, अपर परिवहन आयुक्त पी0एस0 सत्यार्थी, संभागीय परिवहन अधिकारी संजय नाथ झा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
btnimage