गोमती नगर विस्तार स्थित सुलभ आवास योजना में अभियान चलाकर ढ़हाये गए अतिक्रमण

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के आदेश पर अभियंत्रण जोन-1 की टीम ने की कार्यवाही
लखनऊ।
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण/अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में बुधवार को गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-1 में स्थित सुलभ आवास योजना में अतिक्रमण करके बनाये गये अवैध निर्माणों को अभियान चलाकर ध्वस्त किया गया।
अभियंत्रण जोन-1 के अधिशासी अभियंता अवनीन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-1 में स्थित सुलभ आवास योजना में कुछ लोगों द्वारा काॅमन एरिया में अतिक्रमण करते हुए स्थायी/अस्थायी रूप से अवैध निर्माण कराये गये थे। इसमें गैराज, स्टोर, टीनशेड, कार्यालय, बैठक कक्ष समेत अन्य तरह के अवैध निर्माण शामिल हैं। उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा इनके खिलाफ अभियान चलाकर कार्यवाही किये जाने के आदेश दिये गये थे।
उक्त आदेश के अनुपालन में आज सहायक अभियंता आलोक कुमार और अवर अभियंता संजय भाटी द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल के सहयोग से अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस क्रम में लगभग 20 अवैध निर्माणों के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गयी। उन्होंने बताया कि अवैध अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
कार्यवाही के दौरान प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा यह अनाउंसमेंट कराया गया कि जिन लोगों द्वारा काॅमन एरिया में अवैध अतिक्रमण किये गये हैं, इन्हें वह लोग स्वयं हटा लें। अन्यथा की स्थिति प्राधिकरण द्वारा जेसीबी के माध्यम से अवैध अतिक्रमणों को ध्वस्त किया जाएगा, जिसके हर्जे-खर्चे की समस्त जिम्मेदारी अवैध अतिक्रमण करने वाले भवन स्वामी की होगी।








