एन0ओ0सी0, मानचित्र और रजिस्ट्री के कार्यों के लिए बनाएं सिंगल विंडो सिस्टम: रोशन जैकब

लखनऊ। अध्यक्ष/मण्डलायुक्त लखनऊ विकास प्राधिकरण डा0 रोशन जैकब की अध्यक्षता में आज लखनऊ विकास प्राधिकरण की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी और सचिव पवन कुमार गंगवार द्वारा उनके समक्ष प्राधिकरण की समस्त परियोजनाओं और कार्यों का प्रेजेन्टेशन दिया गया। बैठक में अध्यक्ष ने निर्देशित किया कि एनओसी, मानचित्र और रजिस्ट्री आदि कार्यों के लिए सिंगल विन्डो सिस्टम बनाया जाए, जिससे कि जन सामान्य को भटकना न पड़े।

 

बैठक में सर्वप्रथम बसन्तकुंज योजना में प्रस्तावित राष्ट्र प्रेरणा स्थल का प्रेजेन्टेशन दिया गया, जिसमें म्यूजियम, स्टैच्यू, ग्रीन एरिया, रैली स्थल, हैलीपैड, वी.आई.पी लाउंज, मेडिटेशन हॉल, एम0पी0 थियेटर और पार्किंग एरिया आदि की डिजाइन को दर्शाया गया। उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा अध्यक्ष महोदया को यह अवगत कराया गया कि इस प्रोजेक्ट का टेंडर हो गया है, जिसके टेक्निकल इवैल्युएशन की प्रक्रिया चल रही है। इस क्रम में सचिव पवन कुमार गंगवार द्वारा ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट का प्रेजेन्टेशन दिया गया। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत आई0आई0एम0 रोड से किसान पथ तक गोमती नदी के किनारे 28 कि0मी0 लंबा कॉरिडोर बनना है। इसके बाद अध्यक्ष डॉ0 रोशन जैकब के समक्ष हॉर्टिकल्चर, पार्क और स्मारकों का ब्योरा प्रस्तुत किया गया। इस पर उन्होंने वृक्षारोपण और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पर जोर देते हुए कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में ग्रीनरी का कार्य कराया जाए और सभी तरह की सरकारी व गैर सरकारी निर्माण योजनाओं में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

 

इस मौके पर अध्यक्ष डॉ0 रोशन जैकब द्वारा प्राधिकरण की वित्तीय स्थिति की समीक्षा करते हुए राजस्व बढ़ाने के निर्देश दिये गए। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्राधिकरण की अनावंटित सम्पत्तियों को पूरी पारदर्शिता के साथ व्यापक प्रचार-प्रसार करके विक्रय किया जाए। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवस्थापना निधि से किये जाने वाले विकास कार्यों के सम्बंध में जल्द बैठक आहूत की जाए और कम्यूनिटी पार्क में वृक्षारोपण अच्छे तरीके से कराये और आवासीय योजना के लिए बिजली पंम्पिग स्टेशन, वाटर पंम्पिग स्टेशन के कार्य प्राथमिकता के आधार पर करें। इसमें जन उपयोगी कार्यों को प्रथम वरीयता देते हुए इन कार्यों को पूर्ण कराया जाए।

बैठक में अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, वित्त नियंत्रक दीपक सिंह, मुख्य नगर नियोजक नितिन मित्तल समेत समस्त विशेष कार्याधिकारी, अधिशासी अभियंता व उप सचिव उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage