1090 चौराहे पर कॉमर्शियल कॉम्पलेक्स, गोमती नगर विस्तार में बनेंगी ग्रुप हाउसिंग
एलडीए इस बार के ई-ऑक्शन में लगाएगा शहर के सबसे प्राइम लोकेशन के भूखण्ड

डालीबाग में बटलर पैलेस रोड पर ग्रुप हाउसिंग के 02 भूखण्ड भी ऑक्शन में लगाये जाएंगे
1090 चौराहे पर कॉमर्शियल कॉम्पलेक्स, हॉस्पिटल और गोमती नगर विस्तार में ग्रुप हाउसिंग बनेंगी। एलडीए इस बार अपनी व्यावसायिक सम्पत्तियों के ई-ऑक्शन में शहर के सबसे प्राइम लोकेशन के भूखण्ड लगाने जा रहा है। जहां लोगों को सर्वोत्तम रोड कनेक्टिविटी के साथ ही काफी बड़ा ग्रीन एरिया मिलेगा।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-7 में पुलिस मुख्यालय के पीछे 43.051 एकड़ भूमि पर ग्रुप हाउसिंग के 11 भूखण्ड व 01 व्यावसायिक भूखण्ड नियोजित किया गया है। हाल ही में हुयी एलडीए की बोर्ड बैठक में योजना का ले-आउट पास किया गया है, जिसमें भूमि का 15 प्रतिशत क्षेत्र ग्रीन एरिया के लिए सुरक्षित किया गया है। ये सभी भूखण्ड इस बार के ई-ऑक्शन में लगाये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ग्रुप हाउसिंग के भूखण्ड 5,295 वर्गमीटर से लेकर 11,934 वर्गमीटर क्षेत्रफल के हैं, जिनकी कीमत 80,633 रूपये प्रति वर्गमीटर आरक्षित की गयी है। इसी तरह 7,180 वर्गमीटर क्षेत्रफल के व्यावसायिक भूखण्ड की आरक्षित दर 82,864 रूपये प्रति वर्गमीटर निर्धारित की गयी है।
इसके अलावा गोमती नगर के विपिन खण्ड (विस्तार) में 1090 चौराहे के पास 05 व्यावसायिक भूखण्ड व 01 हॉस्पिटल भूखण्ड ई-ऑक्शन में लगाया जाएगा। 51 वर्गमीटर से लेकर 11,175 वर्गमीटर क्षेत्रफल के व्यावसायिक भूखण्डों की आरक्षित दर 1,18,855 रूपये से लेकर 1,28,230 रूपये प्रति वर्गमीटर आरक्षित की गयी है। वहीं, 1615 वर्गमीटर क्षेत्रफल के हॉस्पिटल भूखण्ड की कीमत 97,413 रूपये प्रति वर्गमीटर आरक्षित की गयी है।
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि डालीबाग में बटलर पैलेस रोड पर स्थित ग्रुप हाउसिंग के 02 भूखण्ड भी इस बार के ई-ऑक्शन में लगाये जा रहे हैं। 2,026 वर्गमीटर और 2,097 वर्गमीटर क्षेत्रफल के इन दोनों भूखण्डों की कीमत 88,334 रूपये प्रति वर्गमीटर आरक्षित की गयी है। उन्होंने बताया कि हाल ही में एलडीए ने डालीबाग में सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना लांच की थी। जिसमें बने 72 फ्लैटों के लिए 8 हजार से अधिक आवेदन आये थे। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि डालीबाग के इन ग्रुप हाउसिंग भूखण्डों पर बनने वाले अपार्टमेंट्स की कितनी अधिक डिमाण्ड होगी।
उपाध्यक्ष ने बताया कि ग्रुप हाउसिंग, व्यावसायिक व हॉस्पिटल भू-उपयोग के इन सभी भूखण्डों की लोकेशन काफी प्राइम है। भूखण्डों के ई-ऑक्शन के लिए 15 दिसम्बर, 2025 से पोर्टल खोला जाएगा। इसमें प्रतिभाग करने के इच्छुक लोग एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण करा सकेंगे।








