मुख्यमंत्री ने बाराबंकी में 1,734 करोड़ रु0 की 254 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक/प्रमाण-पत्र वितरित किये

राष्ट्रीय एकता केवल एक शब्द नहीं, बल्कि हमारी आन-बान-शान, यह हमारी आने वाली पीढ़ी का भविष्य : मुख्यमंत्री
लौहपुरुष सरदार पटेल की सूझ-बूझ तथा दृढ़ संकल्प ने 563 रियासतों को शान्तिपूर्ण ढंग से भारत का हिस्सा बनायाराज्य सरकार बाबा लोधेश्वर नाथ की पावन धरा को श्री काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर महादेवा कॉरिडोर में बदलने का कार्य कर रहीडबल इंजन सरकार प्रदेश में विरासत का सम्मान करते हुए विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विगत 11 वर्षों में भारत शानदार यात्रा तय कर आगे बढ़ा, इस यात्रा में देश का विकास, गरीबों का कल्याण तथा विरासत का सम्मान निहित
राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ किसी व्यक्ति, जाति, क्षेत्र, ईश्वर व उपासना विधि के प्रति आग्रही नहीं बनाता, यह भारत माता की वन्दना, जो राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का अवसर प्रदान करती
कोई भी व्यक्ति, जाति व मजहब राष्ट्र से बढ़कर नहीं हो सकता, देशवासियों के लिए राष्ट्र प्रथम होना चाहिए
इतिहास केवल पढ़ने का विषय नहीं, बल्कि आत्मावलोकन का अवसर प्रदान करता, इतिहास की गलतियों का परिमार्जन हमें तत्परता से करना चाहिए
प्रधानमंत्री द्वारा बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर को सम्मान देने हेतु बाबा साहब से जुड़े पंच तीर्थों का विकास कार्य किया गया
प्राकृतिक मेंथा पर जी0एस0टी0 18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत किया गया, इसका प्रत्यक्ष लाभ मेंथा का उत्पादन करने वाले अन्नदाता किसानों को प्राप्त हो रहा
तहसील रामसनेही घाट के ग्राम कंदई में 232 एकड़ क्षेत्र में बाराबंकी औद्योगिक क्षेत्र का विकास कार्य किया जाएगा
यदि प्रगतिशील अन्नदाता किसान और इण्डस्ट्री के लिए इन्वेस्टमेण्ट एक साथ आएगा, तो यहाँ की आमदनी बढ़ेगी और रोजगार का सृजन होगा
प्रत्येक जनपद में कम से कम 100 एकड़ क्षेत्रफल में लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल इण्डस्ट्रियल एण्ड एम्प्लॉयमेण्ट जोन का निर्माण किया जाएगा
सड़क, एयर, रेलवे, मेट्रो तथा इनलैण्ड वॉटर-वे कनेक्टिविटी के क्षेत्रों में इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेण्ट से प्रदेश के विकास की गति को नया आयाम मिला
जब देश आजादी के 100 वर्ष पूर्ण कर रहा होगा, तब विकसित भारत के साथ विकसित उत्तर प्रदेश तथा विकसित बाराबंकी के सपने को साकार कर सकेंगे

मुख्यमंत्री ने आज जनपद बाराबंकी में लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयन्ती समारोह अभियान के अन्तर्गत ‘एकता यात्रा’ के शुभारम्भ अवसर पर 1,734 करोड़ रुपये की 254 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरान्त आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक/प्रमाण-पत्र वितरित किये। इस अवसर पर उन्होंने सरदार वल्लभ भाई पटेल तथा बाबा साहब डॉ0 बी0आर0 आम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंग्रेज नहीं चाहते थे कि भारत स्वतंत्र हो, इसके लिए उन्होंने भारत को विभिन्न तरीकों से बांटने की साजिश रची। मुगल काल व ब्रिटिश काल में इस प्रकार की विभाजनकारी कोशिशें हुईं। जो भारत हजारों वर्षों से एक व अखण्ड रहा, ब्रिटिश काल में उसके कई भाग एक-एक कर अलग होते गए। इनमें से सबसे दुर्भाग्यपूर्ण विभाजन 14 अगस्त, 1947 को हुआ, जब अंग्रेजों ने भारत की दो भुजाओं को अलग कर एक बड़ी चोट दी। उनकी मंशा भारत को अलग-अलग भागों में विभाजित करने की थी, जिससे नागरिकों में यह भाव आए कि भारत एक नहीं रह सकता। भारत को आजाद करते समय अंग्रेजों ने इसे दो हिस्सों में बाँटने की शर्त रखी। देशी रियासतों को भारत या पाकिस्तान में शामिल होने अथवा स्वतंत्र रहने की छूट दी गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय एकता केवल एक शब्द नहीं, बल्कि हमारी आन-बान-शान है। यह हमारी आने वाली पीढ़ी का भविष्य है। बंकिम चन्द्र चट्टोपाध्याय ने वर्ष 1876 में ‘वन्दे मातरम्’ गीत की रचना कर भारत की जन चेतना को जागृत करने के लिए स्वाधीनता संग्राम का एक मंत्र दिया था। इस गीत ने राष्ट्र के यज्ञ में अपना योगदान करने के लिए लोगों को प्रेरित किया। भारत के युवा क्रान्तिकारियों ने आजादी के आन्दोलन में ‘वन्दे मातरम्’ गाते हुए फांसी के फन्दे को गले लगाने में संकोच नहीं किया। उन्होंने भावी पीढ़ियों को यह संदेश दिया कि राष्ट्र से बढ़कर कुछ नहीं होता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने माँ दुर्गा, माँ सरस्वती तथा माँ लक्ष्मी का पूजन कर भारत तथा भारतीयता को आगे बढ़ाने की शक्ति अर्जित की है। राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ के माध्यम से ‘शस्यश्यामलाम् मातरम्’ के भाव को ध्यान में रखकर देवी के तीन रूपों की वन्दना करने का आग्रह प्रत्येक नागरिक से किया है। सभी देशवासी राष्ट्रगीत से जुड़कर भारत की राष्ट्रीयता को मजबूती प्रदान करें। भारत की एकता और अखण्डता के प्रतीकस्वरूप राष्ट्रगीत का विरोध किसी भी दशा में नहीं होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इतिहास केवल पढ़ने का विषय नहीं, बल्कि आत्मावलोकन का अवसर प्रदान करता है। इतिहास की गलतियों का परिमार्जन हमें तत्परता से करना चाहिए। इतिहास के गौरवशाली क्षणों से प्रेरणा लेकर भविष्य को स्वच्छ और सुन्दर बनाना चाहिए। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में विगत 11 वर्षों में भारत शानदार यात्रा तय कर आगे बढ़ा है। इस यात्रा में देश का विकास, गरीबों का कल्याण तथा विरासत का सम्मान निहित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर को सम्मान देने हेतु बाबा साहब से जुड़े पंच तीर्थों का विकास कार्य किया गया। उनकी जन्मस्थली पर भव्य स्मारक का निर्माण किया गया। इंग्लैण्ड में बाबा साहब ने जिस भवन में रहकर उच्च शिक्षा अर्जित की, उसे ब्रिटिश सरकार से खरीदकर प्रधानमंत्री जी ने बाबा साहब का स्मारक बनवाया। साथ ही अनुसूचित जाति एवं जनजाति के छात्रों को उच्च शिक्षा ग्रहण करने हेतु शोध केन्द्र के रूप में विकसित करने का कार्य इंग्लैण्ड में किया है। बाबा साहब ने दिल्ली के जिस भवन में रहकर अपना सार्वजनिक जीवन व्यतीत किया, उसे इण्टरनेशनल सेण्टर के रूप में विकसित किया। मुम्बई में बाबा साहब की अंतिम यात्रा स्थली चैत्य भूमि तथा नागपुर में दीक्षा स्थल पर भव्य स्मारक बनाने का कार्य किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में जी0एस0टी0 रिफॉर्म में प्राकृतिक मेंथा पर जी0एस0टी0 18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। इसका प्रत्यक्ष लाभ मेंथा का उत्पादन करने वाले अन्नदाता किसानों को प्राप्त हो रहा है। यहाँ के प्रगतिशील किसान पद्मश्री सम्मानित श्री राम सरन वर्मा के अलावा सन्दीप वर्मा, मोईनुद्दीन, निमित सिंह ने कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है, जो यहाँ के लोगों के लिए प्रेरणादायी है। एफ0पी0ओ0 के माध्यम से अन्नदाता किसानों के जीवन में परिवर्तन लाया जा सकता है। तहसील रामसनेही घाट के ग्राम कंदई में 232 एकड़ क्षेत्रफल में बाराबंकी औद्योगिक क्षेत्र का विकास कार्य किया जाएगा। हैदरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निकट 220 हेक्टेयर में इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर का विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्य करा रही है। 08 वर्ष पूर्व इन्फ्रास्ट्रक्चर में प्रदेश पिछड़ा तथा बीमारू राज्य माना जाता था। प्रदेश के समक्ष पहचान का संकट था। अन्नदाता किसान आत्महत्या करने के लिए मजबूर थे। आज सड़क, एयर, रेलवे, मेट्रो तथा इनलैण्ड वॉटर-वे कनेक्टिविटी के क्षेत्रों में इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेण्ट से प्रदेश के विकास की गति को नया आयाम मिला है। अन्नदाता किसान कई गुना अधिक मुनाफा कमा रहे हैं। अन्नदाता किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ प्राप्त हो रहा है। देश का पहला इनलैण्ड वॉटर वे तथा पहली रैपिड रेल प्रदेश में संचालित हो रही है। प्रदेश में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण कार्य आगे बढ़ा है। इसमें पहला सत्र प्रारम्भ हो चुका है।
कार्यक्रम में भारत रत्न लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के जीवन तथा बाराबंकी के विकास पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी तथा राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, विधायक दिनेश रावत, विधान परिषद सदस्य इं0 अवनीश कुमार सिंह, उमेश द्विवेदी, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।








