बकरीद और कानून-व्यवस्था को लेकर बरेली पुलिस अलर्ट, SSP अनुराग आर्य ने दिए सख्त निर्देश

बरेली।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली अनुराग आर्य द्वारा पुलिस कार्यालय में आगामी बकरीद पर्व एवं कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान एसएसपी ने निर्देश दिए कि जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग की जाए तथा विवादित एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं अफवाह फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध तत्काल सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी एवं प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कराने के निर्देश दिए। साथ ही कुर्बानी स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने हेतु प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा गया।

एसएसपी ने यूपी-112 एवं पुलिस रिस्पांस टीमों को प्रत्येक सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। थानों एवं चौकियों पर लंबित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण तथा जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहार के दौरान शांति एवं सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सभी अधिकारियों को लगातार फील्ड में रहकर कानून-व्यवस्था पर सतर्क निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

Back to top button
btnimage