प्रवर्तन जोन-5 में तैनात रहे 09 अभियंताओं के खिलाफ होगी कार्यवाही, शासन को भेजी गई रिपोर्ट

लखनऊ विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष/मण्डलायुक्त डाॅ0 रोशन जैकब के निर्देश पर क्षेत्र में तैनात रहे 09 अभियंताओं के खिलाफ कार्यवाही की संस्तुति

इंदिरा नगर के चांदन गांव में लगभग 25 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से विकसित की गयी पाॅम पैराडाइज टाइटल कालोनी में सोमवार को एलडीए ने बुलडोजर चलाया। इस दौरान विकासकर्ता द्वारा स्थल पर विकसित की गयी सड़क, नाली, बाउन्ड्रीवाॅल, बिजली के खम्भे समेत अन्य स्ट्रक्चर को ध्वस्त किया गया। वहीं, इस मामले में लखनऊ विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष/मण्डलायुक्त डाॅ0 रोशन जैकब ने सख्त रैवया अपनाते हुए स्थल पर अवैध निर्माण रोकने में नाकाम रहे अभियंताओं के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश दिये हैं। जिस पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार द्वारा प्रवर्तन जोन-5 में तैनात रहे 09 अभियंताओं के खिलाफ कार्यवाही की संस्तुति करते हुए शासन को रिपोर्ट भेजी गयी है।

एलडीए सचिव विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि अमर अग्रवाल व अन्य द्वारा इंदिरा नगर के ग्राम-चांदन में मानस सिटी कालोनी के पास भूमि खसरा संख्या-288 पर लगभग 25 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए रो-हाउस भवनों का निर्माण कराया जा रहा था। जिसके खिलाफ विहित प्राधिकारी न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए कार्यवाही के आदेश दिये गये थे। जिसके अनुपालन में प्रवर्तन जोन-5 की टीम द्वारा स्थल पर सीलिंग की कार्यवाही करते हुए बिल्डर के खिलाफ स्थानीय थाने में एफ0आई0आर0 दर्ज करवायी गयी थी। उक्त प्रकरण में बिल्डर ने विहित न्यायालय के आदेश के खिलाफ आयुक्त न्यायालय में अपील दाखिल की थी।

इसमें आयुक्त न्यायालय द्वारा अपील को खारिज कर दिया गया। साथ ही अवैध निर्माण रोकने में नाकाम रहे अभियंताओं के खिलाफ जांच करते हुए कार्यवाही के आदेश दिये गये थे।

जांच में पाया गया कि दिनांक-01.01.2022 से 12.05.2023 के बीच प्रवर्तन जोन-5 में तैनात रहे अभियंताओं के कार्यकाल में बिल्डर अमर अग्रवाल व अन्य द्वारा पाॅम पैराडाइज टाइटल कालोनी विकसित करते हुए 29 रो-हाउस भवनों का निर्माण पूर्ण कराया गया। साथ ही 26 रो-हाउस भवनों में परिवारों को अध्यासित करा दिया गया।

इस पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने उक्त अवधि में प्रवर्तन जोन-5 में तैनात रहे सहायक अभियंताओं वीरेन्द्र प्रताप मिश्रा (सेवानिवृत्त), राहुल वर्मा, शीतल प्रसाद (सेवानिवृत्त) तथा अवर अभियंताओं रवि शंकर राय, ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव, आर0के0 शर्मा, सुशील कुमार वर्मा, सत्यवीर सिंह एवं विपिन बिहारी राय के खिलाफ कार्यवाही की संस्तुति करते हुए शासन को रिपोर्ट भेजी है।

Related Articles

Back to top button
btnimage