UPCM और UP_Dy_CM ने संयुक्त रूप से बागपत में 4-लेन चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया

उत्तर प्रदेश।
UPCM ने जनपद बागपत में दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग NH-709 बी के EPE/बागपत से शामली खण्ड के 4-लेन चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और UP_Dy_CM केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहे। लगभग 61.409 किलोमीटर लम्बी इस परियोजना की लागत 726.33 करोड़ रुपये होगी। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग की 198 करोड़ रुपये की 158 किलो मीटर की 33 परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया गया।

UPCM ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हित में दिन-प्रतिदिन नए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के गन्ना किसानों का 36 हजार करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। शेष 10 हजार करोड़ रुपये के भुगतान हेतु सहकारी चीनी मिलों को पैसा अवमुक्त किया गया है। निजी चीनी मिलों को बकाया गन्ना भुगतान हेतु चार हजार करोड़ रुपये के साॅफ्ट लोन का प्राविधान भी किया गया है, जिससे उन्हें ऋण लेकर किसानों के बकाया मूल्य का 15 अक्टूबर, 2018 तक प्रत्येक दशा में भुगतान करना होगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई चीनी मिल किसानों के बकाया भुगतान में हीला-हवाली करेगी तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के गन्ना भुगतान के प्रति सरकार दृृढ़ संकल्पित है। इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।
UPCM ने कार्यक्रम के दौरान युवाओं को खेल के प्रति आकर्षित करने हेतु बड़ौत में बाबा शाहमल के नाम से अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेडियम बनाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि 97 हजार शिक्षकों व 50 हजार पुलिस की भर्तियां शीघ्र की जाएंगी, जिसमें बड़े पैमाने पर युवाओं को नौकरियां मिलेंगी। उन्होंने कहा कि 42 हजार पुलिस भर्ती की प्रक्रिया चल रही है, जो शीघ्र पूर्ण होगी। उन्होंने जनपद के खिलाड़ियों द्वारा एशियन खेलों में उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए बधाई दी और उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रदेश सरकार लखनऊ बुलाकर सम्मानित करेगी। साथ ही, उन्हें आर्थिक मदद एवं सरकारी नौकरी भी दी जाएगी। उनके कोचों को भी सम्मानित किया जाएगा।

UPCM ने कहा कि प्रदेश सरकार बिना भेदभाव के सभी को सुरक्षा दे रही है। इसके अलावा, वंचित पात्रों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में स्थित रमाला चीनी मिल के विस्तारीकरण के लिए समुचित धनराशि अवमुक्त की गयी है। इसमें 27 मेगावाट बिजली प्लांट को भी जोड़ा जा रहा है। सरकार ने मलकपुर चीनी मिल द्वारा बकाया भुगतान के लिए साॅफ्ट लोन की व्यवस्था की है, जिससे वे किसानों का बकाया भुगतान शीघ्र कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि बागपत को-आॅपरेटिव चीनी मिल के लिए भी कार्य योजना बनाई जा रही है। उन्होंने किसानों से कहा कि वे गन्ने की खेती के साथ ही अन्य प्रकार की खेती भी अपनाएं।
UPCM ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विज़न को ध्यान में रखकर प्रदेश में विकास कार्य शुरू किए गए हैं, जिनका लाभ बिना भेदभाव सभी को दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब किसानों को पूरी बिजली मिल रही है।
UPCM ने केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि बागपत शामली राजमार्ग के 4-लेन बनने से क्षेत्र के विकास में गति आएगी और भविष्य में यह क्षेत्र नई ऊँचाइयों को छू सकेगा। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश बेहतर कनेक्टिविटी के लिए अन्य राज्यों की प्रतिस्पर्धा में खड़ा है।

केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इस अवसर पर मौजूद जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि पूर्व की प्रदेश सरकार द्वारा दिल्ली-सहारनुपर राजमार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए NOC न देने के कारण इस मार्ग का निर्माण अटका हुआ था, किन्तु प्रदेश में योगी जी की सरकार बनने पर इसको राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए NOC जारी की गयी, जिससे आज इसका शिलान्यास सम्भव हो सका है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के बनने से जहां आम नागरिकों को आवागमन सुगम होगा, वहीं ईंधन व समय की भी बचत होगी और क्षेत्र के विकास में नई तीव्रता आएगी। उन्होंने किसानों का आह्वान करते हुए कहा कि वे नई टेक्नोलाॅजी अपनाकर खेती करें। वे किसी एक फसल पर आधारित न रहें, बल्कि नई औद्यानिक खेती को अपनायें, जिससे उनकी आय दुगुनी हो सके।
सड़क परिवहन मंत्री ने कहा कि प्रदेश में एक लाख बीस हजार किलो मीटर की परियोजनाएं संचालित हैं, जिससे प्रदेश के विकास में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि यहां के मेहनती किसान अपनी मेहनत से गन्ना, गेहूं, दाल, चावल व खाद्य तेल आदि का सरप्लस उत्पादन करते हैं। उन्होंने कहा कि शीरा तैयार करने की सीमा 4 प्रतिशत से बढ़ाकर 6 प्रतिशत की गयी है। इससे वे एथेनाॅल बना सकेंगे, जिसका इस्तेमाल पेट्रोल में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गरीबों का विकास जरूरी है। उन्हें बिजली, रसोई गैस तथा सुगम आवागमन हेतु सड़कें हर हाल में मिलनी चाहिए।

केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि चीनी से एथेनाॅल बनने पर वाहनों में ईंधन के रूप में एथेनाॅल का प्रयोग किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महत्वपूर्ण नदियों गंगा और यमुना को प्रदूषणमुक्त करने का काम तेजी से किया जा रहा है। इसका 80 प्रतिशत कार्य दिसम्बर, 2018 तक पूर्ण हो जाएगा। उन्होंने जनपद बागपत की ड्रेनेज व्यवस्था हेतु 100 करोड़ रुपये की धनराशि देने की भी घोषणा की।
UP_Dy_CM केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आज विकास के नए युग की शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार 250 आबादी वाले गांव को भी जोड़ने का काम बिना भेदभाव के कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चौधरी चरण सिंह, हुकुम सिंह, सरदार पटेल, महेन्द्र सिंह टिकेत, अवन्ती बाई, काशीराम, डाॅ. लोहिया, डाॅ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम आदि सभी महापुरुषों एवं खिलाड़ियों के नाम पर सड़क बनाने का काम करेगी।
इस अवसर पर केन्द्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री डाॅ. सत्यपाल सिंह ने सभी मुख्य अतिथियां का शाॅल व पुष्प देकर स्वागत किया। डाॅ. सत्यपाल सिंह ने कहा कि UPCM क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता से दूर करेंगे।
इस अवसर पर केन्द्रीय विदेश राज्य मंत्री जनरल वी.के. सिंह, प्रभारी मंत्री एस.पी. सिंह बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।








