UPCM ने मथुरा में विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया

उत्तर प्रदेश (मथुरा)।
UPCM ने मथुरा में ब्रज विकासोत्सव के अन्तर्गत 03 अरब 46 करोड़ 74 लाख 39 हजार रुपये की 41 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
UPCM के समक्ष ब्रज विकासोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रस्तुतिकरण किया गया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के अवसर पर सभी को जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई दी।

UPCM ने कहा सरकार में आने के बाद पूरे प्रदेश के विकास का रोडमैप तैयार किया गया था, इसे बारी-बारी से लागू किया जा रहा है। विकास के लिए पैसा कभी आड़े नहीं आ सकता। उत्तर प्रदेश में पैसे की कमी न पहले थी, न अब है। विकास के लिए सोच की कमी थी, नीयत की कमी थी। जब ब्रज तीर्थ विकास परिषद का गठन किया तो तय किया गया कि यहां की कला और आध्यात्मिकता को प्राथमिकता दी जाए। विकास की संस्कृति महत्वपूर्ण है।
UPCM ने आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार अपने स्तर से कोई भी कमी नहीं आने देगी, लेकिन आश्वासन आपसे भी चाहिए कि आप यमुना की अविरलता में सहयोग करेंगे। हमारे तीर्थस्थलों पर दुनियाभर से आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण देने की जिम्मेदारी सामूहिक है। हर ब्रजवासी इस बात को कह सकता है कि हमारा इतिहास 5000 वर्ष से ज्यादा पुराना है। यहां के हर स्थल पर भगवान श्री कृष्ण जी का वास है।

UPCM ने कहा ब्रज क्षेत्र में डोर-टु-डोर वेस्ट कलेक्शन की व्यवस्था की जा रही है। प्लास्टिक व थर्माकोल को पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। तीर्थ क्षेत्र में इसके लिए जागरूकता की भी जरूरत है। उन्होंने कहा कि हम संकल्प लें कि कूड़ा इधर-उधर नहीं फेंकेंगे। कूड़े को निर्धारित स्थान पर ही डालेंगे।
उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी पर ब्रज क्षेत्र में रोशनी होनी चाहिए। लाइटिंग की व्यवस्था स्थाई हो ताकि बाहर से आने वाले लोगों को यहां की जगमगाती सड़कें इस बात का अहसास कराएं कि यह भगवान श्री कृष्ण की जन्मस्थली है। दुनिया को रास्ता दिखाने का काम भारतीय संस्कृति करेगी। इसके लिए हमें तीर्थ स्थलों की व्यवस्थाओं को बेहतर करना होगा। भगवान कृष्ण ने ब्रज में इसलिए जन्म लिया ताकि यहां गोसेवा हो। सड़कों पर गौमाता न घूमें, उन्हें गोशालाओं में रखने की व्यवस्था हो, इसके लिए प्रयास किए जाएं।

उन्होंने कहा एक तरफ हम गाय को माता बुलाते हैं लेकिन उसे सड़क पर कचरा खाने के लिए छोड़ देते हैं, ऐसा नहीं होना चाहिए। हर परिवार को गाय के लिए भोजन व अन्य प्रबंध करने चाहिए। हम सभी इस पवित्र कार्य के लिए सहभागी बनें। तीर्थ विकास परिषद के जरिए सड़कों एवं आश्रय स्थलों की व्यवस्था को ठीक किया जाएगा।

UPCM ने कहा प्रसाद योजना के तहत 50 करोड़ रुपये के कार्य के लिए केंद्र सरकार ने स्वीकृति प्रदान की है। यमुना के बीच में सोहरी वन के निर्माण का प्रबंध किया जा रहा है। बरसाने में रोपवे का कार्य पीपीपी मॉडल से करने की व्यवस्था हो रही है। 84 कोस की परिक्रमा के मार्ग में हरियाणा का कुछ क्षेत्र पड़ता है। इसमें एक पुल की भी आवश्यकता है। हमने पांटून पुल का प्रबंध पिछले वर्ष किया था।
इस अवसर पर केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मनिका गांधी, मथुरा से सांसद हेमा मालनी, उत्तर प्रदेश सरकार की मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, मंत्री स्वाति सिंह और मथुरा गोवर्धन से विधायक कारिन्दा सिंह सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।








