12 सूत्रीय मांगों पर आयकर कर्मियों का वॉकआउट, अधिकारियों ने भी बुलंद की आवाज
कैडर पुनर्गठन समेत लंबित मांगों को लेकर कर्मचारियों ने दिखाई एकजुटता

संतोष मिश्रा ने बताई आगामी रणनीति, विवेक वरुण ने भरा जोश
आयकर विभाग में लंबित 12 सूत्रीय मांगों को लेकर गुरुवार को अधिकारियों और कर्मचारियों ने संयुक्त संघर्ष समिति (जेसीए) के बैनर तले पूर्ण दिवसीय वॉकआउट किया। कैडर पुनर्गठन, भर्ती नियमों में संशोधन, आईसीटी पॉलिसी की बहाली और अनावश्यक रिपोर्टिंग पर रोक समेत विभिन्न मांगों को लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एकजुट होकर आवाज उठाई।
प्रत्यक्ष कर भवन परिसर में आयोजित सभा में आयकर कर्मचारी महासंघ के सर्किल महासचिव संतोष मिश्रा ने लंबित मांगों के औचित्य और आंदोलन की पृष्ठभूमि पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने आंदोलन के आगामी चरणों और संगठन की भावी रणनीति से कर्मचारियों को अवगत कराया।
एकजुटता ही आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत : विवेक वरुण
आयकर राजपत्रित अधिकारी संघ के अध्यक्ष विवेक वरुण ने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों की एकजुटता ही आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने न्यायोचित मांगों और अधिकारों की प्राप्ति के लिए संगठित संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन आयकर कर्मचारी महासंघ के लखनऊ सर्किल अध्यक्ष विपनेश कुमार के नेतृत्व में हुआ।
आंदोलन में दिखी अधिकारियों और कर्मचारियों की एकजुटता
इस दौरान संजय पांडेय, सोनिया चौधरी, अनूप सिंह, संकल्प पांडेय, बृजेश यादव, धर्मेंद्र सरोज, अनुपम मिश्रा, अमित गुप्ता, अतुल मौर्य, आरएस तोमर, गौरव प्रकाश, चित्रसेन सिंह, अजय कुमार, अली हसन, रविकांत मिश्रा और दुर्गेश मिश्रा समेत अन्य पदाधिकारी, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। संगठन ने वॉकआउट आंदोलन को सफल बताया।









