पीडीए में पासी समाज का वोट चाहिए तो वंशवादियों को हटाकर आम पासी युवा को टिकट दे सपा: सूरज पासी

महाराजा कंसा पासी के किले और भगवान शिव मंदिर को कब्जामुक्त कराने के अभियान के तहत लखीमपुर खीरी में आयोजित हुई जनसभा

लखीमपुर सदर में लाखन आर्मी की जनसभा में अखिलेश यादव पर साधा निशाना, सपा की पीडीए राजनीति पर उठाए सवाल

नेता का बेटा ही नेता क्यों बनेगा, सामान्य परिवार के संघर्षशील नौजवानों को भी मिले राजनीति में अवसर

मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद पर भी पासी समाज की हो हिस्सेदारी, केवल वोट बैंक समझना बंद करें राजनीतिक दल

महाराजा बिजली पासी और वीरांगना ऊदा देवी का इतिहास नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान

शराब और रुपये के लालच में पांच साल का भविष्य दांव पर न लगाएं, शिक्षा और व्यापार पर दिया जोर

समाजवादी पार्टी की पीडीए राजनीति और परिवारवाद पर लाखन आर्मी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पासी ने निशाना साधा है। बुधवार को लखीमपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में महाराजा कंसा पासी के ऐतिहासिक किले और भगवान शिव मंदिर को कथित कब्जे से मुक्त कराने के अभियान के तहत आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सपा को पीडीए के नाम पर पासी समाज का वोट चाहिए तो वंशवादियों को हटाकर आम पासी युवा को टिकट देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस चुनाव के समय पासी समाज का समर्थन चाहती हैं, लेकिन राजनीतिक हिस्सेदारी देने के बजाय कुछ परिवारों को ही आगे बढ़ाती हैं। सूरज पासी ने कहा कि समाज में योग्य और संघर्षशील युवाओं की कमी नहीं है। उन्हें भी विधानसभा और सत्ता में भागीदारी का अवसर मिलना चाहिए।

नेता का बेटा ही नेता क्यों बनेगा

सूरज पासी ने परिवारवाद पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या राजनीति करने का अधिकार केवल नेताओं के परिवारों को है? सामान्य परिवार का पढ़ा-लिखा और संघर्षशील नौजवान विधायक या मंत्री क्यों नहीं बन सकता? उन्होंने कहा कि पीडीए में पासी समाज की भागीदारी का दावा करने वाले दलों को नए नेतृत्व को अवसर देना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद पर भी पासी समाज की हिस्सेदारी का मुद्दा उठाया। कहा कि समाज को केवल वोट बैंक समझने के बजाय सत्ता और संगठन में प्रतिनिधित्व दिया जाना चाहिए।

महाराजा कंसा पासी के किले और शिव मंदिर को कब्जामुक्त कराने का संकल्प

सूरज पासी ने लखनऊ स्थित महाराजा कंसा पासी के ऐतिहासिक किले और उनके आराध्य भगवान शिव के मंदिर पर कथित कब्जे का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि समाज की ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण जरूरी है। किले और मंदिर को कथित कब्जे से मुक्त कराने के लिए आखिरी सांस तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने समाज से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की।

नई पीढ़ी को बताएं पूर्वजों का इतिहास

सूरज पासी ने महाराजा बिजली पासी, लाखन पासी, वीरांगना ऊदा देवी, गोकर्ण पासी, मदारी पासी और राजा गंगा बख्श रावत के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम और अंग्रेजी शासन के दौरान पासी समाज के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि बच्चों को अपने पूर्वजों के इतिहास से परिचित कराना जरूरी है। उन्होंने महाराजा सुहेलदेव और थारू समुदाय से ऐतिहासिक जुड़ाव का भी उल्लेख किया।

शिक्षा, व्यापार और संगठन पर दिया जोर

सूरज पासी ने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और व्यापार में आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने दहेज प्रथा और दिखावटी शादियों का विरोध करते हुए आर्थिक आत्मनिर्भरता पर जोर दिया। चुनाव के दौरान शराब और रुपये के प्रलोभन से बचने की अपील करते हुए कहा कि थोड़े से लालच में पांच साल का भविष्य दांव पर नहीं लगाना चाहिए। उन्होंने गांव-गांव पांच-पांच लोगों की टोली बनाकर लाखन आर्मी का संगठन मजबूत करने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button
btnimage