एलडीए : काकोरी में 50 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 12 अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर
ठाकुरगंज, दुबग्गा व माल में अवैध रूप से निर्मित किये जा रहे 06 व्यावसायिक निर्माण सील

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 एवं जोन-7 की टीम ने की कार्रवाई
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को काकोरी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए लगभग 50 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 12 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया। वहीं, ठाकुरगंज, दुबग्गा व माल में 06 अवैध व्यावसायिक निर्माण सील किये गये। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई प्रवर्तन जोन-3 एवं जोन-7 की टीम ने की।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी विपिन कुमार शिवहरे ने बताया कि फिरोज, अब्बास, अमरजीत, इरशाद, हाफिज व अन्य द्वारा काकोरी में 12 अलग-अलग स्थानों पर लगभग 50 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। एलडीए से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन अवैध प्लाटिंग पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गयी। इस दौरान निजी विकासकर्ताओं द्वारा स्थल पर विकसित की गयी सड़क, नाली, बाउन्ड्रीवॉल, साइट ऑफिस व गेट आदि को ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि ठाकुरगंज में 05 अवैध व्यावसायिक बिल्डिंगों पर कार्रवाई की गयी। इसमें मो0 दानियाल द्वारा ऐरा मेडिकल कॉलेज के पास 200 वर्गमीटर, दानिश द्वारा हरदोई रोड पर 200 वर्गमीटर, भूपेन्द्र गुप्ता द्वारा क्लेक्शन कालोनी में 300 वर्गमीटर व सी0एल0 गौतम द्वारा बरौरा हुसैनबाड़ी में लगभग 100 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्डों पर दुकानों व कॉम्पलेक्स का निर्माण कराया गया था, जिन्हें सील कर दिया गया। इसके अलावा दुबग्गा में बेगरिया रोड पर संदीप कुमार द्वारा 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्मित किये जा रहे कॉम्पलेक्स व अवधेश यादव द्वारा माल के काकराबाद में निर्मित की जा रही अवैध दुकानों को सील किया गया।








