एलडीए: 100 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जाएगी एडुटेक सिटी : प्रथमेश कुमार
785 एकड़ की आवासीय योजना में डेढ़ लाख लोगों को मिलेगा आशियाना

- लखनऊ विकास प्राधिकरण की अनंत नगर (मोहन रोड) आवासीय योजना को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
द्वितीय चरण में योजना में भूखंडों के लिए पंजीकरण खुलने के पहले दिन शुक्रवार को रात 8:00 बजे तक 1062 लोगों ने योजना की वेबसाइट https://registration. ldalucknow.in/#/login पर लॉगइन बनाया। जिसमें से 404 लोगों ने 1100 रुपए का ऑनलाइन भुगतान करके पंजीकरण पुस्तिका खरीदी। वहीं, 18 लोगों ने भूखंड की अनुमानित धनराशि का 5% पंजीकरण धनराशि जमा कराके सफलतापूर्वक रजिस्ट्रेशन कराया।
लखनऊ विकास प्राधिकरण की इस योजना में 785 एकड़ के विशाल क्षेत्रफल में टाउनशिप विकसित की जा रही है। जिसमें लगभग डेढ़ लाख लोगों के आशियाने का सपना साकार होगा। अनंत नगर योजना का विकास अंतरराष्ट्रीय मानकों के अंतर्गत ग्रिड पैटर्न पर किया जा रहा है। जिसमें चौड़ी सड़कों के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए भूमिगत केबल बिछायी जाएंगी। योजना में लगभग 100 एकड़ क्षेत्रफल में एडुटेक सिटी विकसित की जाएगी। लगभग 130 एकड़ भूमि में पार्कों व ग्रीन स्पेस का विकास किया जाएगा, जोकि योजना को पर्यावरण के अनुकूल एक हरा-भरा क्षेत्र बनाएगा।
इसके अतिरिक्त यह शहर की पहली ऐसी आवासीय योजना होगी, जिसमें आधुनिक साॅलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम का प्रावधान पहले से ही किया गया है। साथ यह शहर की पहली जीरो लिक्विड डिसचार्ज योजना भी होगी। इसके लिए योजना में एस0टी0पी0 स्थापित किये जाएंगे, जोकि अपशिष्ट जल को पुनः शुद्ध करके इसे सिंचाई और हरित क्षेत्रों के लिए उपयोगी बनाएगा।








