मण्डलायुक्त डॉ0 रोशन जैकब की अध्यक्षता में पंचायती राज विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न

लखनऊ, 10जुलाई2025
मण्डलायुक्त डॉ0 रोशन जैकब की अध्यक्षता में आज मण्डल के समस्त जनपदों- लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, रायबरेली, उन्नाव और लखीमपुर खीरी के मुख्य विकास अधिकारियों एवं जिला पंचायत राज अधिकारियों के साथ पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक आयुक्त सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में मण्डलायुक्त ने डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित किए जाने की प्रगति, पंचायत उत्सव भवन निर्माण प्रगति, पंचायत प्रतिपूर्ति एवं प्रोत्साहन योजना, पंचायत भवनों में स्थापित जन सेवा केंद्रों के माध्यम से जनमानस को दी जाने वाली सेवाएं की प्रगति, व्यक्तिगत शौचायलयों के रेट्रोफिटिंग कार्य की भौतिक प्रगति, ओ0डी0एफ0 प्लस ग्रामों की जनपद स्तर से सत्यापन की प्रगति, आदि योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, पेयजल, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, सामुदायिक शौचालयों की स्थिति तथा अमृत सरोवर योजनाओं के कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि पंचायतों के सशक्तिकरण हेतु योजनाओं की गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित हो।
डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित किए जाने की प्रगति के संबंध में मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया कि जेम पोर्टल के माध्यम से वर्क आर्डर शीघ्र जेनरेट करते हुए डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। ग्रामीण आबादी के लिए मांगलिक कार्यक्रम तथा विवाह, मुण्डन एवं अन्य कार्यक्रम के आयोजन हेतु पंचायत उत्सव भवन निर्माण की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया कि शीघ्र स्थल का चयन एवं अनुसरण करते हुए 15 जुलाई, 2025 से पूर्व प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए।
पंचायत प्रतिपूर्ति एवं प्रोत्साहन योजना की समीक्षा के दौरान पाया गया कि 1500 तक आबादी वाले 1343 ग्राम पंचायतें योजना से आच्छादित है जहां स्वयं के संसाधन से प्राप्त आय (OSR) की 5 गुना धनराशि प्रोत्साहन राशि मिल रही है। परिवार रजिस्टर डिजिटलाइजेशन के संबंध में मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया कि बचे हुए राजस्व गावों की संख्या जहां स्कैनिंग अभी लंबित है, उन्हें प्राथमिकता पर लेते हुए स्कैनिंग की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। व्यक्तिगत शौचायलयों के रेट्रोफिटिंग कार्य की प्रगति अनुमोदित लक्ष्य कम पाए जाने पर निर्देशित किया गया कि कार्य में तेजी लाते हुए रेट्रोफिटिंग पूर्ण होने के बाद जियोटैगिंग कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक के अंत में मण्डलायुक्त ने प्रत्येक अधिकारी को ग्राम पंचायत स्तर पर जाकर फील्ड निरीक्षण करने के निर्देश दिए, जिससे योजनाओं की वस्तुस्थिति की समीक्षा की जा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में जूम एप के माध्यम से मण्डल स्तरीय पंचायती राज विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।








