गोसाईंगंज व काकोरी में 03 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, फिर गरजा एलडीए का बुलडोजर

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1 एवं जोन-3 की टीम ने की कार्रवाई 

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण व प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में बुधवार को प्रवर्तन टीम ने गोसाईंगंज व काकोरी क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान लगभग 50 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही तीन अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी विपिन कुमार शिवहरे ने बताया कि राजदेव सिंह व अन्य द्वारा गोसाईंगंज में सुल्तानपुर रोड स्थित ग्राम-मलौली में लगभग 20 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। इसी तरह मनीष सिंह, प्रदीप सिंह व अन्य द्वारा गोसाईंगंज के मौजा-सराय करोरा में लगभग 15 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था।
प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन दोनों अवैध प्लाटिंग पर प्रवर्तन टीम द्वारा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करायी गयी। जिसमें डेवलपर द्वारा स्थल पर विकसित की गयी सड़क, नाली, बाउन्ड्रीवाॅल, साइट ऑफिस आदि को ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि शोभित राठौर, अनिल कुमार व अन्य द्वारा काकोरी में मोहान रोड पर ग्राम-सरोसा भरोसा में लगभग 20 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही उक्त अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे।
जिसके अनुपालन में प्रवर्तन टीम द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल के सहयोग से अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करायी गयी। इस दौरान डेवलपर द्वारा स्थल पर विकसित की गयी सड़क, नाली, बाउन्ड्रीवाॅल आदि को ध्वस्त कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage