एलडीए: फाइलें गायब हैं.. नहीं चलेगा यह बहाना, सम्पत्तियों का योजनावार बनेगा मास्टर रजिस्टर

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने सम्पत्ति अनुभाग की समीक्षा बैठक में दिये निर्देश, 15 अप्रैल तक प्रत्येक सम्पत्ति का ब्योरा करना होगा अंकित
अलमारियों के ताले तोड़कर बरामद की गयीं सम्पत्ति की 500 फाइलें रिकाॅर्ड में होंगी जमा, संदिग्ध आवंटन/रजिस्ट्री की अलग से बनानी होगी सूची
देवपुर पारा में ई0डब्ल्यू0एस, एल0आई0जी व एम0एम0आई0जी भवनों के निर्माण के लिए रेरा में पंजीकरण की कार्यवाही अगले महीने
लखनऊ विकास प्राधिकरण में सम्पत्ति की फाइलें न मिलने से जन सामान्य को होने वाली दिक्कत का हल अब ‘मास्टर रजिस्टर’ से निकलेगा। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने 15 अप्रैल, 2024 तक सम्पत्तियों का योजनावार मास्टर रजिस्टर बनाने के निर्देश दिये हैं। गुरूवार को सम्पत्ति अनुभाग की समीक्षा बैठक में उपाध्यक्ष ने अधिकारियों व कर्मचारियों को हिदायत देते हुए कहा कि फाइल गायब है वाला सिलसिला अब नहीं चलेगा, यह कहानी हमें खत्म करनी होगी।

उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये कि समस्त प्रभारी सम्पत्ति अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें डिस्पोजल रजिस्टर व कंप्यूटर अनुभाग से प्राप्त सम्पत्तियों की सूची का मूल ले-आउट से मिलान करके पूरा ब्योरा मास्टर रजिस्टर (रजिस्टर आफ रजिस्टर) में अंकित करेंगे। कार्यवाही पूर्ण होने के बाद सम्बंधित को मास्टर रजिस्टर में यह स्वघोषित करना होगा कि समस्त जानकारी मूल से प्रमाणित है, जिसके बाद इसका थर्ड पार्टी आडिट करवाया जाएगा। इसके अलावा जिन सम्पत्तियों का आवंटन/रजिस्ट्री संदिग्ध प्रतीत होती है, उसकी सूची अलग से बनानी होगी। उपाध्यक्ष ने कहा कि सभी अधिकारी 15 अप्रैल, 2024 तक मास्टर रजिस्टर की कार्यवाही पूर्ण करके उनके समक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। जिसके बाद 30 अप्रैल, 2024 तक सम्पत्ति की प्रचलित फाइलों को छोड़कर शेष सभी पत्रावलियां अभिलेखागार में जमा करवा दी जाएंगी।

अलमारियों में मिली 500 फाइलें रिकाॅर्ड मेें होंगी जमा
सम्पत्ति की गायब फाइलों की खोजबीन के लिए उपाध्यक्ष ने सर्च आपरेशन चलवाया था। इसमें बंद अलमारियों के ताले तोड़कर दस्तावेज खंगाले गये थे, जिसकी वीडियोग्राफी भी करवायी गयी थी। इसमें सम्पत्ति की लगभग 500 फाइलें बरामद हुयी हैं। उपाध्यक्ष ने बैठक में निर्देश दिये कि जिन योजनाओं की सम्पत्तियों की फाइलें मिली हैं, उनका काम देख रहे बाबू तत्काल इन फाइलों को रिसीव करके ब्योरा अंकित करें। जिसके बाद समस्त फाइलों को रिकाॅर्ड अनुभाग में सुरक्षित जमा करा दिया जाए।
देवपुर पारा में नयी आवासीय योजना
देवपुर पारा में ई0डब्ल्यू0एस, एल0आई0जी व एम0एम0आई0जी श्रेणी की नयी आवासीय योजना जल्द लांच हो सके। इसके लिए उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बहुमंजिला भवनों के निर्माण के लिए रेरा में पंजीकरण कराने के निर्देश दिये हैं।
उपाध्यक्ष ने अधिशासी अभियंता नवनीत शर्मा व सहायक लेखाधिकारी विनोद श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक समिति गठित की है। समिति को अगले महीने के प्रथम सप्ताह तक रेरा पंजीकरण से सम्बंधित समस्त कार्यवाही पूर्ण करानी होगी। इसके अलावा देवपुर पारा में रिफंड के प्रकरणों की समीक्षा में पाया गया कि अधिकांश रिफंड हो गये हैं। कुछ प्रकरण कंप्यूटर अनुभाग से लंबित हैं, वहीं कुछ में अकाउंट दूसरे बैंक में मर्ज हो गये हैं। इस पर उपाध्यक्ष ने 30 अप्रैल, 2024 तक समस्त शेष प्रकरण निस्तारित करने के निर्देश दिये।
लैंड आडिटः संयुक्त टीम करेगी भौतिक सत्यापन
उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने लैंड आडिट के सम्बंध में भी समीक्षा बैठक की। इसमें जानकीपुरम, जानकीपुरम विस्तार और अलीगंज योजना में लैंड आडिट का काम कर रही रिमोट सेन्सिंग की टीम द्वारा प्रेजेन्टेशन दिया गया। इसमें जानकीपुरम विस्तार व अलीगंज के कुछ सेक्टरों में प्राधिकरण के ले-आउट व सर्वे के परिणामों में कुछ भिन्नता पायी गयी। इस पर उपाध्यक्ष ने अर्जन, नियोजन, अभियंत्रण खण्ड, सम्पत्ति अनुभाग व रिमोट सेन्सिंग की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिये हैं।

बैठक में सचिव विवेक श्रीवास्तव, संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह व मुख्य नगर नियोजक के0के0 गौतम समेत सभी प्रभारी सम्पत्ति अधिकारी, अनुभाग अधिकारी व अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।








