लखनऊ: कुकरैल नदी को पुनर्जीवित करने के लिए दो माह में बनेगी डी0पी0आर

- कुकरैल नदी को पुनर्जीवित करने के लिए दो माह में बनेगी डी0पी0आर, आसपास के अन्य जल स्त्रोतों को भी किया जाएगा पुनर्जीवित
- लखनऊ विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष/मण्डलायुक्त डाॅ0 रोशन जैकब ने पूरे रूट का टोपोग्राफी व हाइड्रोलाॅजिकल सर्वे कराने के दिये निर्देश
- सम्पूर्ण कार्य को लेकर बनेगी एकल डी0पी0आर, सभी सम्बंधित विभाग इसी के अनुसार अपने क्षेत्र में कराएंगे काम
गोमती की सहायक नदी कुकरैल जल्द ही अपने मूल स्वरूप में लौटेगी। साथ ही अस्ती गांव समेत आसपास के अन्य जल स़्त्रोतों को भी पुनर्जीवित करने का कार्य किया जाएगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष/मण्डलायुक्त डाॅ0 रोशन जैकब ने शुक्रवार को प्राधिकरण भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक करके दो महीने में पूरे प्रोजेक्ट की डी0पी0आर तैयार के निर्देश दिये।
मण्डलायुक्त ने बैठक में कहा कि सम्पूर्ण कार्य की एकल डी0पी0आर बनायी जाएगी और सभी सम्बंधित विभागों को इसी के अनुसार अपने-अपने क्षेत्र में कार्य सुनिश्चित कराने होंगे। कुकरैल नदी व आसपास के अन्य जल स़्त्रातों को प्राकृतिक पद्धति से पुनर्जीवित किया जा सके, इसके लिए पूरा कार्य लेकमैन आॅफ इंडिया आनंद मल्लिगवाड की देखरेख में कराया जाएगा। मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूरे रूट का टोपोग्राफी व हाइड्रोलाॅजिकल सर्वे करा लिया जाए, जिससे कि कैचमेंट एरिया के साथ-साथ नदी की तलहटी में जमा सिल्ट का भी पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि नदी में पानी के ठहराव के लिए निर्धारित स्थानों पर चेक डैम बनाने होंगे, इसके लिए स्थान चिन्हित करते हुए इसे भी डी0पी0आर में शामिल कर लिया जाएगा। बैठक में अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि नदी में 26 नालों का लगभग 40 एम0एल0डी पानी आ रहा है। जिसके ट्रीटमेंट की कार्ययोजना बनाने के सम्बंध में मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि नदी को रास्ता देने के लिए किसान पथ के नीचे से एक पैसेज बनाना होगा, साथ ही जिन जगहों पर अतिक्रमण हैं, उन्हें भी हटाना होगा। मण्डलायुक्त ने निर्देश दिये कि इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत अस्ती गांव में झील व आसपास के अन्य छोटे तालाबों को भी पुनर्जीवित करने का कार्य किया जाना है। जिसे लेकर ग्राम्य विकास समेत अन्य सम्बंधित विभाग पहले से पूरी तैयार कर लेंगे। बैठक में प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी, नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभय जैन, लेकमैन आॅफ इंडिया आनंद मल्लिगवाड़ समेत सिंचाई, ग्राम्य विकास व वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।








