एलडीए: पारा में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और काकोरी में अवैध टाइल्स फैक्ट्री व गोदाम सील

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने काकोरी में एक अवैध टाइल्स फैक्ट्री एवं गोदाम तथा पारा में एक अवैध शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को सील किया।

प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि कृष्णकांत द्वारा काकोरी थानाक्षेत्र के बड़ा गांव में आगरा एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर लगभग 750 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से भवन का निर्माण करके गोदाम के रूप में प्रयोग किया जा रहा था। वहीं, नूर आलम द्वारा आगरा एक्सप्रेस-वे के पास बड़ा गांव के करीमा बाग में लगभग 500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध निर्माण करके टाइल्स फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। इसके अलावा अनिल कुमार व अन्य द्वारा पारा थानाक्षेत्र के अंतर्गत मोहान रोड, मौदा मोड़ पर लगभग 500 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर गंगा प्लाजा नाम से दुकानों व हॉल आदि का निर्माण कराया गया था।

बिना प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये किये गये इन अवैध निर्माणों के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। उक्त आदेशों के अनुपालन में आज सहायक अभियंता वाई0पी0 सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता भरत पाण्डेय, भानु प्रकाश वर्मा व प्रमोद पाण्डेय द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से प्रश्नगत स्थलों को सील कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage