मोहन रोड योजना के पास की जा रही तीन अवैध प्लाटिंग ध्वस्त की गयीं

प्राॅपर्टी डीलरों द्वारा लगभग 30 बीघा जमीन पर की जा रही थी अवैध प्लाटिंग
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने की कार्यवाही
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में मंगलवार को प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने मोहान रोड योजना के पास अवैध रूप से की जा रही प्लाटिंग/निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान काकोरी व पारा थानाक्षेत्र में तीन जगहों पर अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गयी।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी अरूण कुमार सिंह ने बताया कि इरशाद हुसैन द्वारा काकोरी थानाक्षेत्र में मौदा रोड पर सारंग प्राॅपर्टी नाम से लगभग 10 बीघा जमीन पर अवैध प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। इसी तरह कमलेश कुमार द्वारा मौदा रोड पर लगभग 08 बीघा जमीन पर प्लाटिंग करायी जा रही थी। इसके अलावा बचान सिंह यादव व अन्य द्वारा पारा थानाक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम-मौदा में संजय फर्नीचर के सामने लगभग 12 बीघा जमीन पर अवैध तरीके से प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था। उक्त तीनों प्रकरण में विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण आदेश पारित किये गये थे।
आज सहायक अभियंता वाई0पी0 सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता भरत पाण्डेय द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से तीनों स्थलों पर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करायी गयी। सहायक अभियंता ने बताया कि कार्यवाही के दौरान तीनों जगहों पर विकासकर्ता द्वारा निर्मित की गयीं कच्ची-पक्की सड़क, नाली व बाउंड्रीवाॅल आदि को ध्वस्त कर दिया गया। इसके अलावा प्रश्नगत स्थलों के आसपास स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही अवैध प्लाटिंग को भी ध्वस्त किया गया।
अवैध प्लाटिंग स्थल पर एलडीए लगाएगा बोर्ड
उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि जो भी अवैध प्लाटिंग चिन्हित की जा रही हैं। उनका ध्वस्तीकरण कराने के साथ ही प्राधिकरण द्वारा जन सामान्य को सचेत करने के लिए स्थल पर बोर्ड भी लगाए जाएंगे कि यहां अनियोजित रूप से विकास कार्य करते हुए अवैधानिक तरीके से प्लाटिंग का कार्य किया गया है, इसमें भूखण्ड की खरीद फरोख्त न करें।








