मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने परखी विकास परियोजनाओं की हकीकत, किया स्थलीय निरीक्षण

जालौन 3 फरवरी 2023
शुक्रवार को जनपद जालौन के प्रभारी मंत्री राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कारागार एवं होमगार्ड विभाग उत्तर प्रदेश सरकार धर्मवीर प्रजापति की अध्यक्षता में विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की नीतियों निर्णयों का शतप्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित और शासकीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार कराया जाए ताकि आम जनमानस शासन द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक हों। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को कागज पर ही नहीं धरातल पर भी दिखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए और किसी भी योजना में बिचौलियों का प्रवेश न होने पाए। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की संचालित विभिन्न योजनाओं का अधिकारी स्वयं स्थलीय निरीक्षण अवश्य करें और जो कमियां पाई जाए उनको तत्काल प्राथमिकता पर सही कराते हुए योजनाओं को अच्छे ढंग से क्रियान्वित करें। कन्या सुमंगला योजना व पेंशन योजना मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री आवास योजना आदि की समीक्षा करते हुए संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान फटकार लगाई उन्होंने कहा कि विधुत विभाग अपनी कार्यप्रणाली में बदलाव लाएं। उन्होंने कहा कि अधिकतर विद्युत विभाग की शिकायतें प्राप्त होती हैं किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक परेशान न किया जाए फर्जी बिल मिलने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्यवाही भी की जाएगी साथ ही शिकायतकर्ता व जनप्रतिनिधियों का फोन नहीं उठाया जाएगा तो यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा सुनिश्चित रखें।
उन्होंने पीडब्ल्यूडी द्वारा कराए गए गड्ढा मुक्त सड़कों की क्रॉस जांच कराने के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन कर जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि कराई गई गड्ढा मुक्त सड़कों की सूची उपलब्ध कराई जाए ताकि मैं स्वयं निरीक्षण करूंगा जिससे हकीकत सामने आ सके उन्होंने कहा कि कागज पर नहीं मुझे धरातल पर कार्य दिखना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनपद में अवैध खनन पर प्रभावी ढंग से कार्यवाही सुनिश्चित करें किसी भी स्तर पर अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद में बनाए गए सामुदायिक शौचालय का सदुपयोग हो, जनपद में कुछ सामुदायिक शौचालय का प्रयोग नहीं हो रहा है समुदाय शौचालय बंद है ऐसे स्थानों पर पहुंचकर लोगों को सामुदायिक शौचालय के प्रयोग के लिए प्रेरित करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कहा कि जिला अस्पताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आदि अस्पताल में दवाई की उपलब्धता सुनिश्चित रहे साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए मरीज को बाहर की दवाइयां न लिखी जाए इसके प्रभावी नियंत्रण के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया।
प्रभारी मंत्री ने जिला अस्पताल में हेल्थ एटीएम, डेंगू वार्ड, ऑक्सीजन प्लांट, चिल्ड्रन मेडिकल वार्ड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने हेतु संबंधित को निर्देशित किया। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि उपचार की सुविधा सभी को मिलनी चाहिए निरीक्षण के दौरान रोगियों से वार्ता की एवं दवाई वितरण के बारे में डॉक्टर और वहां उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों से जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान दवाओं का लिखित रिकॉर्ड नहीं मिला जिस पर नाराजगी व्यक्त की साथ ही निर्देशित किया कि दवाओं का लेखा जोखा अवश्य होना चाहिए इसके लिए तत्काल रजिस्टर बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित रहे कोई भी चिकित्सक मरीजों को बाहर की दवाइयां न लिखें। उन्होंने कहा कि सरकार ने निशुल्क मरीजों के लिए उपचार की व्यवस्था की है दवाइयों की उपलब्धता दी है फिर भी अगर बाहर से मरीजों को दवाइयां लानी पड़ी तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए आप स्वयं निरीक्षण करें।
जनपद के प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत हरदोई विकासखंड जालौन में प्रशासन गांव की ओर गांव की समस्या गांव में समाधान पहल के तहत जन चौपाल लगाकर समस्याएं सुनी। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर ग्राम पंचायत में हुए कार्यों का सत्यापन किया। गांव में हैंडपंप, नाली, खड़ंजा, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि व्यवस्थाओं के बारे में ग्रामीणों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार चाहती है कि गांव की शिकायत का समाधान गांव में ही हो ताकि आम व्यक्तियों को इधर-उधर न भटकना पड़े। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का बिना किसी भेदभाव के काम करें सभी पात्रों को लाभान्वित करें। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि गांव में कोई भी हैंडपंप खराब न हो इसका स्थलीय निरीक्षण किया जाए। उन्होंने ग्राम के समग्र विकास अंत्योदय के लक्ष्य प्राप्ति हेतु योजनाओं पर अधिक ध्यान देने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों को माननीय प्रभारी मंत्री जी द्वारा चाबी वितरण की गई।
जनपद के प्रभारी जी द्वारा ग्राम पंचायत हरदोई राजा विकासखंड जालौन के अंतर्गत गौशाला व बोहदपुरा स्थित 50 शैय्या एकीकृत आयुष चिकित्सालय व राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान उरई का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने गौशाला में संरक्षित गोवंश के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा हरे चारे की व्यवस्था सुनिश्चित रहे इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि गौशाला में केयरटेकर की देखरेख में गोवंश रहे जिससे गोवंश की देखरेख अच्छे से हो सके। उन्होंने कहा कि गौशाला में नियमित पशु चिकित्सक निरीक्षण करें जिससे गोवंश की शुरुआत की जानकारी रहे। उसके पश्चात 50 शैय्या एकीकृत आयुष चिकित्सालय का निरीक्षण किया।
उसके बाद राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भवन का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवथाएं देखी एवं प्रशिक्षुओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित कराने के सम्बन्ध मे आवश्यक निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये।
बैठक व निरीक्षण में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ० घनश्याम अनुरागी, विधायक माधौगढ़ मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी चाँदनी सिंह, पुलिस अधीक्षक ईरज रजा, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विशाल यादव, परियोजना निदेशक शिवाकांत द्विवेदी, उप जिलाधिकारी, केंद्रीय राज्य मंत्री के प्रतिनिधि रविकांत द्विवेदी, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, आदि सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।








