उत्तर प्रदेश दिवस-2023 ‘निवेश एवं रोजगार’ थीम पर होगा आयोजित

लखनऊ 23 जनवरी 2023
प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात ने उत्तर प्रदेश राज्य स्थापना दिवस 24 जनवरी पर ‘उत्तर प्रदेश दिवस-2023’ का राज्य एवं जिला स्तरीय आयोजन के साथ ही नगर विकास एवं नगरीय निकाय मुख्यालय द्वारा आयोजित करने के संबंध में निदेशक सूडा तथा स्थानीय निकाय, जिलाधिकारियों, समस्त निकाय अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए हैं। इस वर्ष का ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ ‘निवेश एवं रोजगार’ थीम पर आयोजित किया जायेगा।
उन्होंने कहा है कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से लाभान्वित 05 स्ट्रीट वेंडर्स को तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) से लाभान्वित 05 लाभार्थियो को सम्मानित किया जाय। इन योजनाओं का लाभ लेने के पश्चात इनके जीवन में हुए परिवर्तन को लोगों के बीच प्रचारित भी किया जाए।
नवसृजित नगरीय निकायों एवं निकायों के नवविस्तारित क्षेत्र में किये जा रहे विकास कार्यों के साथ 01 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी में नगरीय निकायों की भूमिकाओं को रेखांकित करती हुई तथा केन्द्र व राज्य सरकार की नगर विकास विभाग से संबंधित महत्वपूर्ण योजनाओं के सम्बंध में प्रदर्शनी लगायी जाये।
इन कार्यक्रमों/उत्सवों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ लोककला/साहित्य/संस्कृति (यथा-पूर्वांचल-कजरी, झूमर, बिरहा, ब्रज क्षेत्र-होरी, फाग, पश्चिमी क्षेत्र-रागिनी, टोला, अवध-कव्वाली, बुन्देलखण्ड-आल्हा इत्यादि) से जुड़े लोगों को भी आमंत्रित किया जाए।
प्रमुख सचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर पूरे सप्ताह मिशन मोड में नगरीय निकायों में तथा यहां स्थापित शिक्षण संस्थानों से संबंधित संस्थानों व विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित किया जाये तथा इस दौरान ठोस अपशिष्ट, द्रव अपशिष्ट, चिकित्सीय अपशिष्ट, ई-अपशिष्ट, आदि का वैज्ञानिक प्रबन्धन सुनिश्चित किया जाये। शिक्षण संस्थानों में संबंधित संस्थान/विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए विशेष सफाई अभियान चलाकर निकायों के सभी गार्बेज वलनरेबल प्वॉइन्ट को समाप्त करते हुए सभी कूड़ा स्थलों की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाये तथा ऐसे स्थलों पर सेल्फी प्वांइट्स, रेहडी पटी वालो को जगह आवंटित करना, वरिष्ठ नागरिकों के लिए बेन्च की व्यवस्था, पेड़ व गमला लगाना आदि कार्य कर सौन्दर्यीकरण किया जाये। नगर की प्रकाश व्यवस्था एवं पेयजल व्यवस्था को भी दुरूस्त किया जाये। नगरीय सुविधाओं को बढ़ाने एवं शहरों को सुन्दर बनाने के लिए सड़कों पर मानक के अनुरूप लेन पेंटिंग, साइनेज चिन्ह, जंक्शन इम्प्रूवमेन्ट, रोड साइड प्लांटेशन, वर्टिकल गार्डेन, वॉलपेन्टिग सम्बंधी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।
स्वच्छ ढाबा अभियान के तहत निकायों में संचालित ढाबे/रेस्टोरेन्ट के प्रबन्धको को ढाबे से जनित अपशिष्ट का वैज्ञानिक विधि से निस्तारण किये जाने हेतु प्रोत्साहित किया जाये। निकाय द्वारा संचालित कान्हा गौशाला एवं उसके आस-पास साफ-सफाई व्सुनिश्चित किया जाये। एलईडी स्क्रीन, बैनर, सोशल मीडिया आदि के माध्यम से स्वच्छ भारत मिशन की ब्रांडिंग भी की जाये।
उत्तर प्रदेश राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर समस्त समारोह का आयोजन ‘जीरो वेस्ट इवेन्ट’ के रूप में किया जाये। इस संबंध में उन्होंने आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा है।








