#LDA: कमरों में लगे रिटायर कर्मियों के तालों को उपाध्यक्ष इन्द्रमणि त्रिपाठी ने खुलवाया

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने प्राधिकरण के लालबाग स्थित कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

फाइलों के रख-रखाव और साफ-सफाई में खामी मिलने पर उपाध्यक्ष ने जतायी नाराजगी, व्यवस्था सुचारू करने के लिए अधिकारियों को दिया अल्टीमेटम

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने मंगलवार को प्राधिकरण के लालबाग स्थित कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ कमरों में ताले लगे देख उपाध्यक्ष ने पूछताछ की तो पता चला कि कुछ रिटायर व निलम्बित कर्मियों ने कमरों पर अपने ताले लगाकर अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। इस पर उपाध्यक्ष ने अवर अभियंता-अनुरक्षण को फटकार लगाते हुए तालों को खुलवाया। उन्होंने निर्देशित किया कि इन कमरों को प्रवर्तन एवं रिकाॅर्ड अनुभाग के कार्यों के लिए प्रयोग में लाया जाया।

दोहपर करीब 12ः30 बजे लालबाग दफ्तर पहुंचे उपाध्यक्ष ने सर्वप्रथम रिकाॅर्ड रूम का निरीक्षण किया। यहां फाइलों का रख-रखाव व सफाई व्यवस्था सही न मिलने पर उपाध्यक्ष ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि रिकाॅर्ड रूम में पर्याप्त स्टाफ की तैनाती की जाए तथा फाइलों को नम्बरिंग करके सलीके से रखा जाए। इसके बाद उपाध्यक्ष ने जोन-4 एवं 5 के विहित प्राधिकारी कोर्ट तथा पेशकार कार्यालय का निरीक्षण किया, जिसमें उनके द्वारा पेशकारों से फाइलों के सम्बंध में जवाब तलब किया गया। उपाध्यक्ष ने हिदायत दी कि सभी कार्यालयों में साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक होनी चाहिए, इसके लिए उन्होंने अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए उन्हें एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है।

इसके बाद ट्रांसपोर्ट नगर स्थित राइटर्स कंपनी के कार्यालय पहुंचे उपाध्यक्ष ने वहां के स्टाफ से फाइलों के बारे में जानकारी प्राप्त की। जिसमें कर्मचारियों ने बताया कि अब तक उनके द्वारा एक लाख 22 हजार फाइलों को स्कैन करके रिकाॅर्ड तैयार किया गया है। इस पर उपाध्यक्ष ने उनसे सम्पूर्ण रिकाॅर्ड तलब करते हुए बुधवार को उनके समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिये हैं। इस मौके पर नजूल अधिकारी अरविंद त्रिपाठी व तहसीलदार विवेक शुक्ला समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage